5 जुलाई को बिहार आएंगी राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू, सांसदों से समर्थन के लिए करेंगी अपील

NDA की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार और झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू 5 जुलाई को बिहार की राजधानी पटना आएंगी। पूर्व राज्यपाल यहां एनडीए गठबंधन में शामिल दलों जदयू, भाजपा, हम और रालोजपा के वोटरों से समर्थन की अपील करने आ रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, द्रोपदी मुर्मू 5 जुलाई यानी मंगलवार की सुबह पटना पहुंचेंगी। उसके बाद बिहार में एनडीए गठबंधन के नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सीएम आवास में मुलाकात करेंगी। द्रौपदी मुर्मू की बिहार के सांसदों (राज्यसभा व लोकसभा) व विधायकों से मुलाकात के लिए एक बड़ी बैठक भी आयोजित की जाएगी।

फिलहाल यह बैठक होटल चाणक्य में संभावित है। बैठक में मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव में अपने लिए समर्थन मांगेंगी। फिर दोपहर में ही गुवाहाटी रवाना हो जाएंगी। बिहार भाजपा उपाध्यक्ष राजीव रंजन ने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पटना आने की जानकारी दी है।