जेडीयू के प्रदेश कार्यालय में मंत्री अशोक चौधरी और राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के बीच हुए विवाद के बाद अब आरजेडी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद मनोज झा को पार्टी के विधायक ने उसकी औकात दिखा दी है। पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह के बेटे ने एक तरह से तलवार निकाल दी है। उन्होंने मनोज झा के संसद में दिए बयान का सार्वजनिक रूप से प्रतिकार किया है। उन्होंने जो लिखा है, वह आरजेडी के अंदर अगड़ा-पिछड़ा की लड़ाई को सामने ला रहा है।
ठाकुरों पर अभद्र टिप्पणी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं
पूर्व सांसद और बाहुबली आनंद मोहन सिंह के बेटे और आरजेडी विधायक चेतन आनंद का सोशल मीडिया पोस्ट सामने आया तो पार्टी के अंदर खलबली मच गई। आरजेडी के किसी विधायक ने पहली बार इस तरह से अपने किसी राष्ट्रीय नेता पर तीखा हमला किया है। उन्होंने लिखा- “हम “ठाकुर” हैं साहब!! सबको साथ लेकर चलते हैं। इतिहास में सबसे अधिक बलिदान हमारा है। समाजवाद में किसी एक जाति को टार्गेट करना समाजवाद के नाम पर दोगलापन के अलावा कुछ नहीं। जब हम दूसरों के बारे में गलत नही सुन सकते तो ठाकुरों पर अभद्र टिप्पणी बिल्कुल नही बर्दाश्त करेंगे। उन्होंने लिखा कि माननीय संसद श्री मनोज झा के विचारों का पुरजोर विरोध।”