लोजपा का स्थापना दिवस आज, पटना में चिराग तो हाजीपुर में चाचा पारस भरेंगे हुंकार, दोनों कर रहे हैं शक्ति प्रदर्शन

लोक जनशक्ति पार्टी ने आज अपना 23 साल का सफर पूरा कर लिया है। चाचा-भतीजा के बीच हुए लोजपा के बंटवारे के बावजूद पार्टी अब अपने स्थापना के 24वें साल में प्रवेश कर रही है।

स्थापना दिवस के बहाने चाचा-भत्तीजा का शक्ति प्रदर्शन

जमुई सांसद और लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान मंगलवार को पटना के बापू सभागार में अपने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ लोजपा का स्थापना दिवस मनाने जा रहे हैं।चिराग पासवान लोकसभा चुनाव को लेकर अपनी मंशा पहले जता चुके हैं। हाजीपुर लोकसभा सीट के साथ वो NDA के अंदर 2019 के तर्ज पर हिस्सेदारी चाहते हैं। इस बात को पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं। पार्टी की स्थापना से ठीक एक दिन पहले चिराग ने अपना एक वीडियो संदेश जारी किया था।

लोजपा के स्थापना दिवस के बहाने चाचा और भतीजा अपना शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। क्योंकि, चंद महीनों में ही लोकसभा का चुनाव होना है।वहीं केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोजपा प्रमुख पशुपति कुमार पारस हाजीपुर में नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ जुट रहे हैं। हाजीपुर संसदीय सीट पर उनके भतीजे चिराग पासवान पहले ही दावा ठोक चुके हैं। जबकि, उनके चाचा इस सीट से वर्तमान सांसद हैं।

अलग-अलग होते हुए भी दोनों ही NDA गठबंधन में

अलग-अलग होते हुए भी दोनों ही NDA गठबंधन में हैं। पशुपति कुमार पारस इस सीट को अपने हाथों से किसी कीमत पर जाने नहीं देना चाहते हैं। इसीलिए उन्होंने पार्टी का स्थापना दिवस मनाने के लिए हाजीपुर को इस बार चुना है।