मांझी ने की सीएम नीतीश की हेल्थ बुलेटिन जारी करने की मांग, 10 दिन से बीमार या उनके खिलाफ कोई साजिश, जनता दरबार भी रद्द

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तबीयत पिछले कई दिनों से खराब चल रही है। जिसके कारण राजगीर महोत्सव का उद्घाटन भी नहीं कर पाए थे.. वो सीजनल फ्लू की चपेट में है और सीएम आवास में डॉक्टरों की सलाह पर आराम कर रहे हैं। वहीं जनता दरबार भी आज रद्द कर दिया गया है।

मांझी ने इसे सियासी साजिश बताया

सीएम नीतीश के स्वास्थ्य को लेकर पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने इसे सियासी साजिश बताया है। उन्होंने कहा है कि सीएम के खिलाफ साजिश हो रही है। जीतनराम ने नीतीश कुमार का हेल्थ बुलेटिन जारी करने की मांग की है। बता दें कि इसके पहले भी वो सीएम को जहरीला पदार्थ देने की साजिश का आरोप लगा चुके हैं।

पूर्व सीएम मांझी ने सियासी साजिश बताया

नीतीश कुमार की जनता दरबार कार्यक्रम को स्थगित किए जाने पर अब सियासी बयान सामने आया है। पूर्व मुख्यमंत्री और हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने उनकी बीमारी और जनता दरबार स्थगित किए जाने पर सवाल खड़े किए हैं। मांझी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि पिछले 10 दिनों से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तबीयत खराब है। उनको कुछ हुआ भी है या फिर सिर्फ उनके साथ राजनैतिक साजिश चल रही है? नीतीश कुमार का हेल्थ बुलेटिन जारी होना चाहिए जिससे पता चले कि उनकी स्थिति कैसी है?

किसी और को सीएम बनाने की साजिश 

मांझी ने कहा था कि नीतीश कुमार के खाने में कोई विषैला पदार्थ मिला रहा है। उन्हें गद्दी से हटाने के लिए, किसी और को सीएम बनाने के लिए एक बड़ी साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा, ‘इसके कारण ही वह इस तरह की हरकतें कर रहे हैं। कभी विधानसभा में महिलाओं पर विवादित टिप्पणी देते हैं, तो कभी मंत्री अशोक चौधरी के पिता को श्रद्धांजलि देने की बजाय जिंदा मंत्री पर ही फूल चढ़ाने लगते हैं।’