भारत जोड़ो न्याय यात्रा का छठां दिन… राहुल ने ब्रह्मपुत्र नदी पार कर पहुंचे मंजुली… BJP-RSS पर लगाया यह आरोप

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज छठा दिन है। यात्रा आज असम में ही आगे बढ़ेगी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को नाव से ब्रह्मपुत्र नदी पार की। उन्होंने जोरहाट के निमाती घाट से माजुली तक की दूरी तय की।कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा असम के माजुली पहुंच चुकी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान माजुली में श्री श्री औनियाती सत्र में प्रार्थना की।

राहुल ने बीजेपी-आरएसएस पर बोला हमला

इस दौरान राहुल गांधी ने आमसभा को संबोधित किया। राहुल ने कहा- भाजपा और RSS देश में आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक अन्याय कर रही है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा का लक्ष्य हर धर्म, हर जाति के लोगों को एकजुट करने के साथ इस अन्याय के खिलाफ लड़ना भी है।

‘असम में देश की सबसे भ्रष्ट सरकार’

राहुल ने असम में भाजपा की हिमंत बिस्वा सरमा की सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा- असम में देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है। भाजपा देश में नफरत फैलाने के साथ जनता का पैसा लूट रही है। हम भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान असम का मुद्दा उठाएंगे।

मणिपुर में सिविल वॉर का माहौल

राहुल ने कहा- मणिपुर में सिविल वॉर का माहौल बना हुआ है। PM मोदी आज तक वहां नहीं गए। नगालैंड में PM ने बड़े वादे किए थे। वहां के लोग पूछ रहे हैं कि PM के वादों का क्या हुआ। ऐसी ही चीजें असम में भी हो रही हैं।

न्याय यात्रा को कोई नहीं रोक सकता

वहीं राहुल गांधी की न्याय यात्रा में शामिल जयराम रमेश ने कहा- असम के मुख्यमंत्री बौखलाए हुए हैं, भारत जोड़ो न्याय यात्रा को कोई नहीं रोक सकता। हमने कोई नियम नहीं तोड़ा। असम के सीएम हिमंता बिस्व सरमा पूरी कोशिश कर रहे हैं कि लोग सड़क पर न आएं और राहुल गांधी को न देख पाएं। उन्हें जो कुछ करना है, करने दीजिए। हमें जो कुछ करना है, वो हम करेंगे।

15 राज्यों के 110 जिलों से होकर गुजरेगी न्याय यात्रा
 कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मणिपुर से मुंबई तक 6,700 किलोमीटर से ज्यादा की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू कर दी है। आज उनकी यात्रा का छठा दिन है। यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई थी और 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी। असम में यह यात्रा 25 जनवरी तक जारी रहेगी और 15 राज्यों के 110 जिलों से होकर गुजरेगी।