लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की दूसरी सूची जारी, नकुल नाथ को छिंदवाड़ा तो वैभव गहलोत जालौर से लड़ेंगे चुनाव

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की दूसरी सूची जारी कर दी गई है। इसमें चार राज्यों के 43 उम्मीदवारों के नाम का एलान किया गया है। 43 उम्मीदवारों की सूची में 13 ओबीसी, 10 एससी, 9 एसटी, एक मुस्लिम चेहरे को टिकट दिया गया है। 76 फीसदी उम्मीदवार ऐसे हैं जिनकी उम्र 60 साल से कम है। इस सूची में असम से 12, गुजरात से सात, मध्य प्रदेश और राजस्थान से 10-10, उत्तराखंड से तीन और दमनदीव से एक उम्मीदवार का एलान किया गया है।

कांग्रेस पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक में इस सूची पर मुहर लगाई गई। दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और अन्य सदस्य शामिल हुए थे। इससे पहले सीईसी की पहली बैठक सात मार्च को हुई थी और आठ मार्च को 39 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की गई थी। इसमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, मेघालय, नागालैंड, सिक्किम, तेलंगाना और त्रिपुरा की लोकसभा सीटों के लिए नामों का एलान हुआ था।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि हमने लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची पहले ही घोषित कर दी है। आज हम दूसरी सूची की घोषणा करने जा रहे हैं। कल सीईसी ने बैठक की और असम, मध्य प्रदेश, राजस्थान से लगभग 43 नामों की सूची को मंजूरी दे दी। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई असम के जोरहाट से चुनाव लड़ेंगे। नकुल नाथ मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से चुनाव लड़ेंगे। राहुल कासवा राजस्थान के चुरू से चुनाव लड़ेंगे। वैभव गहलोत जालौर से चुनाव लड़ेंगे।