आरजेडी ने बीमा भारती को दिया पार्टी का सिम्बल, पूर्णिया से लड़ेंगी चुनाव, पप्पू यादव ने भी किया बड़ा ऐलान

राजद के टिकट पर बीमा भारती पूर्णिया से चुनाव लड़ेंगी। अब इस बात पर खुद बीमा भारती ने मुहर लगा दी है। बीमा भारती ने इस बात की घोषणा की है कि राजद ने उन्हें पूर्णिया से चुनाव लड़ने के लिए सिंबल दे दिया है। 3 अप्रैल को अब बीमा भारती नोमिनेशन करने जा रही है। सिंबल मिलने के बाद बीमा भारती ने लालू-तेजस्वी और राबड़ी देवी को धन्यवाद दिया है। बीमा भारती का दावा है कि पूर्णिया सीट से वही लड़ेगी और गठबंधन में शामिल होने के नाते पप्पू यादव उनके चुनाव प्रचार में शामिल होंगे।

भारती ने बताया कि जिस दिन हम राजद को ज्वाइन किये उसी दिन तय हो गया था कि पूर्णिया से हम ही चुनाव लड़ेंगे। इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी गयी है। राजद का सिंबल मुझे मिल गया है। 3 अप्रैल को नॉमिनेशन करने जा रहे हैं। उन्होंने यह बात पूर्णिया की जनता को भी बताया। कहा कि पूर्णिया की जनता को बताना चाहती हूं कि महागठबंधन की उम्मीदवार बीमा भारती है।

बीमा भारती ने कहा कि महागठबंधन में सब कुछ ठीक है किसी तरह का कोई दरार नहीं है। पूरी मजबूती के साथ बिहार में चुनाव लड़ने जा रहे हैं। चालीस की चालीस सीट महागठबंधन की झोली में आएगा। पप्पू यादव हमारे गार्जियन हैं हम उनका सम्मान करते हैं अपनी पार्टी कांग्रेस में विलय किये हैं वो महागठबंधन के हिस्सा बन गये हैं। वो हमारे पक्ष में चुनाव प्रचार भी करेंगे। पूर्णिया की जनता को आश्वस्त किया कि लालू यादव का आशीर्वाद मिल गया है पूर्णिया से वो राजद की उम्मीदवार होगी। 3 अप्रैल को वो अपना नामांकन दाखिल करने जा रही है।

होली से पहले दिल्ली में जाकर पप्पू यादव ने जन अधिकार पार्टी का विलय कर कांग्रेस का दामन थाम लिया था। जिसके बाद यह बात सामने आई की पप्पू यादव पूर्णिया से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस की टिकट पर पप्पू यादव लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरेंगे। लेकिन बीमा भारती के आरजेडी से सिंबल मिलने के बाद अब पप्पू यादव क्या करेंगे।