Exit Polls में NDA 400 पार, INDI गठबंधन का दावा- जीतेंगे 295 सीट

लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान संपन्न होने के बाद एग्जिट पोल (चुनाव बाद सर्वेक्षण) सामने आ गए। सभी सर्वे में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को प्रचंड बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है। इनमें सत्तारूढ़ गठबंधन राजग के तमिलनाडु और केरल में अपना खाता खोलने का अनुमान लगाया गया है। इसके साथ ही कर्नाटक में फिर से एकतरफा जीत हासिल करने का अनुमान भी जताया गया है।

मतदान संपन्न होने के बाद आए कई एग्जिट पोल (चुनाव बाद सर्वेक्षण) में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को प्रचंड बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है। इन एग्जिट पोल के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार केंद्र की सत्ता संभालने जा रहे हैं। इसके साथ इन सर्वेक्षणों में सत्तारूढ़ गठबंधन एनडीए के तमिलनाडु और केरल में अपना खाता खोलने और कर्नाटक में फिर से एकतरफा जीत हासिल करने का अनुमान जताया गया है। ‘इंडिया टुडे-एक्सिस मॉय इंडिया’ ने अपने एग्जिट पोल में एनडीए को 361-401 सीट मिलने की संभावना जताई है। उसका अनुमान है कि ‘इंडिया’ गठबंधन को 131-166 सीट से संतोष करना पड़ेगा। वहीं, इंडी गठबंधन ने दावा किया है कि वह 295 सीटों से अधिक जीतने जा रहे हैं।

‘एबीपी-सी वोटर’ ने भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन के लिए 353-383 सीटें और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए 152-182 सीटों का अनुमान लगाया है। ‘टुडेज़ चाणक्य’ ने 2019 के चुनावों की तुलना में भाजपा और उसके गठबंधन के लिए कहीं अधिक सीटें मिलने की भविष्यवाणी की है। इसने भाजपा को 335 सीटें और एनडीए को 400 सीटें दी हैं। इसने विपक्षी गठबंधन को 107 सीटें दी हैं। इस लोकसभा चुनाव में भाजपा ने अपने गठबंधन के लिए ‘400 पार’ का नारा दिया था। अगर एग्जिट पोल सच साबित होते हैं, तो मोदी अपनी पार्टी को लगातार तीसरी बार चुनाव में जीत दिलाने के मामले में देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। ‘टाइम्स नाउ-ईटीजी रिसर्च’ के एग्जिट पोल ने एनडीए और इंडिया गठबंधन को क्रमश: 358 और 152 सीटें दी हैं।

कई सर्वेक्षणकर्ताओं ने कहा कि एनडीए 2019 की अपनी 353 सीटों की संख्या को पार कर सकता है। ‘रिपब्लिक टीवी-पी मार्क’ के सर्वेक्षण में दावा किया गया है कि 543 सदस्यीय लोकसभा में सत्तारूढ़ गठबंधन 359 सीट तक जीत हासिल करेगा और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन को 154 सीट मिलेंगी। ‘रिपब्लिक टीवी-मैट्रिज़’ के एग्जिट पोल में एनडीए को 353-368 सीट और विपक्ष को 118-133 सीट मिलने का अनुमान जताया गया है।