लॉकडाउन के दौरान रोजगार सृजन पर विशेष जोर – मुख्यमंत्री

सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के सचिव अनुपम कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण की अद्यतन स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री के स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है और लोगों को सहायता प्रदान करने के लिये सभी आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं। आज भी मुख्य सचिव के स्तर पर समीक्षा की गयी है। मुख्यमंत्री ने लॉकडाउन के दौरान रोजगार सृजन पर विशेष जोर देने का निर्देश दिया है ताकि अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मिले। विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार लाॅकडाउन के दौरान अभी तक 3 लाख 44 हजार योजनायें कार्यरत है, जिसके तहत अब तक लगभग 1 करोड़ 34 लाख मानव दिवस सृजित किये गये हैं। फरवरी, मार्च महीने में असमय वर्षापात और ओलावृष्टि के कारण फसल क्षति के लिए कृषि इनपुट अनुदान के रूप में 578 करोड़ की राशि स्वीकृत की गयी थी, जिसमे 3 लाख 8 हजार किसानों के खाते में 110 करोड़ रूपये की राशि अंतरित कर दी गयी है और शेष किसानों के खाते में राशि अंतरित कर दी जायेगी। अप्रैल माह में असमय वर्षापात और ओलावृष्टि के कारण जो फसल क्षति हुई है उसका सर्वेक्षण कार्य पूर्ण हो चुका है। आवेदनों की जांच कर 30 मई तक किसानों के खाते में राशि अंतरित कर दी जायेगी। कल कैबिनेट की बैठक में इसके लिये 151 करोड़ रूपये की राशि स्वीकृत कर दी गयी है। सचिव अनुपम कुमार ने बताया कि 1 करोड़ 21 लाख राशन कार्डधारी परिवारों के खाते में एक हजार रूपये की राशि अंतरित कर दी गयी है कल तक 18 लाख राशन कार्डधारी परिवारों के खाते में भी शीघ्र ही राशि अंतरित करने की संभावना है। श्री अनुपम कुमार ने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग के परिवहन नोडल पदाधिकारी से अभी तक प्राप्त सूचना के अनुसार गुरुवार बिहार आने वाली ट्रेनों की संख्या 24 है। शुक्रवार को आने वाली प्रस्तावित ट्रेनों की संख्या 20 है।