मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाढ़ ग्रस्त इलाकों का किया हवाई सर्वेक्षण, दरभंगा में राहत कैंप का लिया जायजा

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सूबे के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए हवाई सर्वेक्षण कर रहे हैं। इस कड़ी में मुख्यमंत्री दरभंगा पहुंचे, जहां पहुंचकर उन्होंने राहत कैंप का जायजा लिया। राहत कैंप में चलाए जा रहे सामुदायिक रसोई और अन्य तरह की सुविधाओं का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री के साथ राज्य सरकार के खाद्य आपूर्ति विभाग के मंत्री मदन साहनी और स्थानीय विधायक संजय सरावगी भी मौजूद रहे हैं। साथ ही साथ जिला प्रशासन के अधिकारी भी वहां उपस्थित रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने यहां बाढ़ राहत कैंप में कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर किए गए इंतजामों पर भी फीडबैक लिया है। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ राहत शिविरों में रहने वाले लोगों का कोरोना टेस्ट कराने का निर्देश दिया है।