UP में मूर्ति बनवाने को लेकर छिड़ी सियासी बहस, सपा के बाद बसपा बोली हमारे परशुराम ज्यादा भव्य होंगे

उत्तर प्रदेश में इन दिनों ब्राह्मणों को लामबंद करने को लेकर सियासी बहस छिड़ गयी है। सपा की ओर से भगवान परशुराम की 108 फुट ऊंची प्रतिमा लगाने की घोषणा के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी सत्ता में आने पर इससे अधिक भव्य प्रतिमा स्थापित करने का एलान किया है।

महापुरूषों के नाम पर बनाएंगे अस्पताल और जरूरी सुविधा केन्द्र

मायावती ने कहा कि यदि इस बार बसपा सत्ता में आई तो परशुराम तथा अन्य सभी जातियों व धर्मों में जन्मे संतों, गुरुओं व महापुरुषों के नाम पर बड़ी संख्या में आधुनिक अस्पताल व सभी जरूरी सुविधा युक्त कम्युनिटी सेंटर का निर्माण कराएगी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जातिवादी मानसिकता पर काम रहे हैं। सपा ब्राह्मण समाज के वोटों की खातिर अपने राजनीतिक स्वार्थ में परशुराम की प्रतिमा लगाने की बात कर रही है।यदि इनको वास्तव में परशुराम की प्रतिमा लगानी थी तो अपने पूर्व के शासनकाल में ही लगाते।

सपा का ने किया तीखा पलटवार

मायावती के मूर्ति लगवाने के बयान पर सपा ने तीखा हमला किया है। सपा के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक मिश्र ने कहा, लखनऊ से नोएडा तक प्रमाण मौजूद हैं कि बसपा सरकार में किसकी मूर्तियां लगती हैं। मायावती चार बार सीएम रही हैं। परशुराम की मूर्ति लगाने का भाव होता तो वह पहले ही लगवा देतीं।