महाराष्ट्र के नंदुरबार में भयानक हादसा, यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 5 की मौत 35 घायल

महाराष्ट्र के नंदुरबार में यात्रियों से भरी बस खाई में गिर गई जिसमें 5 यात्रियों की मौके पर हीं मौत हो गयी, वहीं 35 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कई यात्रियों की हालत गंभीर है। मौके पर बचाव कार्य जारी हैं।

मलकापुर से सूरत जा रही थी बस

नंदुरबार के एसपी महेंद्र पंडित ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसा नंदुरबार के खामचुंदर गांव में हुआ। बस यात्रियों को लेकर मलकापुर से सूरत जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में खड्ड में जा गिरी। हादसे में ड्राइवर और क्लीनर की भी मौत हो गई। इसके अलावा तीन अन्य यात्रियों की भी जान चली गई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक 35 यात्री हादसे में घायल हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौके पर बचाव कार्य अभी जारी है।