केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजे गए बिहार के सुपर कॉप मनु महाराज, ITBP में देगें सेवा

केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजे गए बिहार के सुपर कॉप मनु महाराज, ITBP में देगें सेवा

बिहार के सुपर काप के तौर पर पहचाने जाने वाले भारतीय पुलिस सेवा के 2005 बैच के अधिकारी और छपरा के रेंज डीआईजी मनु महाराज केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर चले गए हैं। उन्हें आईटीबीपी में डीआईजी बनाया गया है। आईटीबीपी में डीआईजी के पद पर योगदान के लिए राज्य सरकार ने उन्हें विरमित करने का आदेश जारी कर दिया है। वे भारतीय-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) में पुलिस उप-निरीक्षक के पद पर सेवा देंगे। गृह विभाग ने विरमित करते हुए उनकी सेवा केंद्रीय गृह मंत्रालय को सौंपने की अधिसूचना जारी कर दी है। वह पदग्रहण करने से पांच वर्षों की अवधि तक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहेंगे।

पटना का एसएसपी भी रहे चुके हैं मनु

सारण का डीआइजी बनने से पहले मनु महाराज मुंगेर का डीआइजी और पटना का एसएसपी भी रहे। वे कई जिलों में बतौर एसपी भी अपनी सेवा दे चुके हैं। उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की चर्चा काफी दिनों से चल रही थी। अब इस पर आधिकारिक तौर से मुहर लग गई है। निगरानी अन्‍वेषण ब्‍यूरो में तैनात रविंद्र कुमार को सारण का नया डीआइजी बनाया गया है।

हिमाचल प्रदेश के हैं रहने वाले

मनु महाराज मूलत: हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं। उन्‍होंने आइआइटी रूड़की से बीटेक में स्‍नातक किया है। बाद में उन्‍होंने जवाहर लाल नेहरू विवि से पर्यावरण विषय पर मास्‍टर्स की डिग्री भी हासिल की। उन्‍होंने 2006 में भारतीय पुलिस सेवा में अपने करियर की शुरुआत की।

बिहार में सिंघम जैसी छवि

बिहार के युवाओं में मनु महाराज की छवि कुछ-कुछ सिंघम जैसी है। वे अपनी मूंछों की खास स्‍टाइल के लिए जाने जाते हैं। पटना और दूसरे जिलों में तैनात रहते उन्‍होंने कई बड़े केस सुलझाए हैं। युवाओं में उनका क्रेज इतना है कि एक शख्‍स ने इस आइपीएस की फेक इंटरनेट मीडिया प्रोफाइल बनाकर लड़कियों से दोस्‍ती गांठनी और उन्‍हें ठगना शुरू कर दिया। इनकी गिनती काबिल अफसरों में होती है।