पटना इंजीनियर के 20 बैंक खातों में मिले 98 लाख रुपए जमा, 2.26 करोड़ की संपत्ति मामले में निगरानी की कार्रवाई

भवन निर्माण विभाग के इंजीनियर के घर बेहिसाब संपत्ति मामले में निगरानी विभाग की छापेमारी चल रही है. आय से अधिक संपत्ति मामले में शुक्रवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। भवन निर्माण विभाग के पाटलिपुत्र डिवीजन के कार्यपालक अभियंता मदन कुमार के दो ठिकानों पर छापेमारी के दौरान करोड़ों की चल-अचल संपत्ति का खुलासा हुआ। 24 साल की नौकरी में ही कार्यपालक अभियंता ने एक-दो नहीं, बल्कि 21 प्लॉट खरीद लिए। पटना के गोला रोड स्थित वृंदावन कॉलोनी के आवास व पाटलिपुत्र डिवीजन के दफ्तर की तलाशी के दौरान लगभग 13.75 लाख नगद के अलावा सोने-चांदी के जेवरात व निवेश से संबंधित कागजात भी मिले हैं। 20 बैंक खातों में करीब 98 लाख रुपए भी जमा हैं।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के मुताबिक कार्यपालक अभियंता मदन कुमार के पास आय से करोड़ों रुपए ज्यादा की संपत्ति पाई गई है। उनके खिलाफ 2,26,44000 रुपए आय से अधिक संपत्ति पाए जाने के बाद 6 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की गई। अदालत से तलाशी वारंट लेने के बाद पटना के गोला रोड के वृंदावन कॉलोनी स्थित दो मंजिला मकान और भवन निर्माण विभाग के पाटलिपुत्र डिवीजन स्थित दफ्तर की तलाशी ली गई। घर से जहां 7 लाख के करीब नगद, सोने-चांदी के आभूषण और निवेश से संबंधित कागजात भी मिले हैं जबकि दफ्तर से 6.75 लाख कैश मिला है। जेवरात में आधा किलो चांदी और 314 ग्राम सोना शामिल है।

अधिकारियों के मुताबिक वेतन से मदन कुमार की आय 1.20 करोड़ रुपए है, वहीं अन्य श्रोतों से उनकी पत्नी की आमदनी 40 लाख के करीब है। 14 लाख का उन्होंने लोन ले रखा है। इस तरह से पति-पत्नी की आमदनी 1.74 करोड़ रुपए होती है। एक-तिहाई खर्च हटाने के बाद दोनों का कुल बचत 1.30 करोड़ होती है पर इनके पास 3 करोड़ 56 लाख 44 हजार की संपत्ति पाई गई है। यह आय के ज्ञात श्रोतों से 2 करोड़ 26 लाख 44 हजार रुपए अधिक है।

अधिकारियों के मुताबिक मधुबनी के दोनवारी के मूल निवासी मदन कुमार वर्ष 1997  में बिहार सरकार में नौकरी में आए। नौकरी में आने के बाद उन्होंने अबतक अपने, पत्नी और बच्चों के नाम पर 21 प्लॉट खरीदा है। इनमें से अधिकतर जमीन दानापुर, फुलवारी, गोनपुरा और नौबतपुर इलाके में है। कागज पर इन जमीनों की कीमत 2 करोड़ 53 लाख 24 हजार 000 रुपए है। वहीं 20 बैंक खातों में करीब 98 लाख रुपए जमा हैं। इसके अलावा एक कार और मोटरसाईकिल भी उनके पास है।