बिहार में दो दिन बाद हो सकती है बारिश- मौषम विभाग

बिहार के मौसम में कल से हो सकता है परिवर्तन। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए किसानो को 27 से 30 दिसंबर को होने वाली धान की कटाई को स्थगित करने का निर्देश दिया है। तापमान में हो रही लगातार गिरावट को देखते हुए मौसम विभाग ने पशुओं को लेकर भी अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने बिहार में बारिश होने की संभावना जाहिर की है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि बिहार के किसान अपने कटे हुए धान की फसल को सुरक्षित स्थान पर रख लें। इसके साथ ही पशुओं के बचाव की व्यवस्था को भी सुनिश्चित कर लें। साथ ही मौसम विभाग ने बिहार के उत्तर पूर्वी इलाके के बारे में बात करते  हुए कहा कि बिहार के उत्तर पूर्वी इलाके में हल्के व मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा। हिमालय की तराई के समीप के जिले पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सुपौल, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट होगी। जिसके कारण ठंड में बढ़ोतरी होगी। मौषम विभाग ने बिहार में दो दिन बाद बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री और अधिकतम 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहनेवाला है। पृथ्वी के सतह से एक किलोमीटर ऊपर पछुआ एवं उत्तर पछुआ हवाओं के लगातार चलने से समुद्रतल से 1.5 किमी तक एक चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र बना है। जिसके कारण अगले 48 घंटों में बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल एवं दक्षिण मध्य बिहार के पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय में शीतलहर चलने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है।