औरंगाबाद में एक साथ छह सहेलियों ने खेत में खाया जहर, तीन की मौत बाकी की हालत गंभीर

बिहार के औरंगाबाद जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आ रही है। जिले के रफीगंज प्रखंड के कासमा थाना के चिरैला गांव में 6 लड़कियों ने एक साथ जहर खा लिया। मिली जानकारी के मुताबिक जहर खाने वाली 6 में से 3 लड़कियों की मौत हो चुकी है जबकि 3 लड़कियों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक सभी लड़कियां बेहोशी की हालत में मिली थी जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि ये सभी सहेलियां थी लेकिन इन्होंने एक साथ जहर क्यों खाया इसका कारण साफ नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

खेत में जाकर खाया जहर

जानकारी के मुताबिक सभी सहेलियां शाम में गांव से बाहर तालाब की तरफ गई थीं। खेत में ही सभी ने जहर खा लिया। कुछ देर बाद हालत बिगड़ने लगी तो लोगों को इसकी भनक लगी। आनन-फानन में इन लड़कियों को इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन तीन लड़कियों ने दम तोड़ दिया। तीन अन्य की हालत भी गंभीर बनी हुई है। बताया गया कि जहर खाने के बाद सभी तड़पने लगी। कुछ ने वहीं उल्टी की और बेचैनी की हालत में जहरीला पदार्थ खाने की बात कह कर बेहोश हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया।

लड़कियों की उम्र 12 से 15 साल के बीच

मृतकों में मनोज पासवान की 14 साल की बेटी नीलम कुमारी, राजेश पासवान की 14 साल की बेटी काजल कुमारी एवं रामप्रवेश पासवान की 15 साल की बेटी अनीषा कुमारी के तौर पर हुई है। वहीं तपेश्वर पासवान की 12 साल की बेटी पिंकी कुमारी, राजेंद्र पासवान की 13 साल की बेटी सुनीता कुमारी और फेकन पासवान की 15 साल की बेटी वर्षा कुमारी का स्थानीय डॉक्टर के पास ईलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही सीओ अवधेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष राजगृह प्रसाद, मुखिया प्रतिनिधि अनुज कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

प्रेम प्रसंग का मामला होने की है असंका?


गांव में एक साथ तीन लड़कियों की मौत से कोहराम मचा है। सभी अलग-अलग घरों के हैं। सीओ ने बताया कि घटना के कारण का पता लगाया जा रहा है। तीन किशोरियां जिनका इलाज चल रही है, उनकी स्थिति सामान्य होने पर ही पता चलेगा कि क्यों जहरीला पदार्थ खाया। इस संबंध में औरंगाबाद के एसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि अनीषा कुमारी का अपने भाई के साले से प्रेम प्रसंग था। उसने शादी का प्रस्ताव रखा तो मना कर दिया गया। इस वजह से वह आक्रोश में आ गई और अपनी सहेलियों के साथ जाकर उसने जहर खा लिया। सभी किशोरियों ने एक साथ जहर क्यों खाया है, इसका स्पष्ट कारण पता नहीं चला है।