मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, बिहार में कहीं बारिश तो कहीं लू की चेतावनी, वज्रपात का भी अलर्ट

बिहार में मौसम की दो तरह की स्थिति बनी हुई है। उत्तर बिहार में पुरवा हवा का प्रभाव बना है जबकि दक्षिणी बिहार में लोग पछुआ के झकोरे से अब भी दो चार हो रहे हैं। हालांकि पछुआ की रफ्तार में पहले की अपेक्षा आंशिक कमी आई है। मौसम विभाग की ओर से पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, किशनगंज, अररिया, सीतामढ़ी, सुपौल और मधुबनी में रविवार और सोमवार को आंशिक बारिश के आसार जताये गये हैं। पश्चिम चंपारण, किशनगंज और अररिया में मौसम विभाग ने 30 से 40 की रफ्तार की हवा के साथ बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।

नेपाल से सटे कुछ इलाकों में रविवार को दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई। जबकि बक्सर, गया, औरंगाबाद, रोहतास, नवादा, बांका और आसपास के एक दो जिलों में लू की स्थिति बनी हुई है। रविवार को दो से तीन डिग्री तापमान में गिरावट से दक्षिण बिहार के इन इलाकों में हीट वेव से निजात मिली है लेकिन अगले दो दिन तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं है। दक्षिण बिहार के कुछ जिलों में एक दो जगहों पर सोमवार को भी लू की स्थिति बनी रह सकती है।

पुरवा हवा के प्रवाह से गिरा पारा

सोमवार को बक्सर के तापमान में तीन डिग्री की गिरावट आई और अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। गया में भी पारा दो डिग्री तक नीचे आया। औरंगाबाद में अधिकतम तापमान मामूली गिरावट के साथ 40.4 डिग्री दर्ज किया गया। पटना में देर रात पुरवा के तेज बहाव से मौसम के रुख में नरमी आई और पारा एक डिग्री नीचे आया। हालांकि दोपहर में पछुआ की स्थिति बनी रही। रविवार को यहां अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री दर्ज किया गया। भागलपुर में 34.6 डिग्री, छपरा में 38.7 डिग्री, नवादा में 40 डिग्री, जमुई में 39.2 डिग्री, वाल्मीकिनगर में 35 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। डेहरी में अधिकतम तापमन 41.4 डिग्री बना हुआ है। बक्सर के बाद यह राज्य का दूसरा सबसे गर्म शहर है।

एक हफ्ते में दिख सकती है काल वैशाखी की सक्रियता

लगातार सूबे के अलग-अलग भाग में पुरवा और पछुआ के बहाव से आंधी पानी की परिस्थितियां तैयार हो सकती है। जगह-जगह वायुमंडल में बादलों के सेल तैयार हो रहे हैं। लगातार हीटिंग होने से कुछ जगहों पर काल वैशाखी की विशेष सक्रियता दिख सकती है। अगले एक हफ्ते में राज्य में कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी और पानी के आसार बन सकते हैं। दिन के पूर्वार्द्ध में तपिश रहेगी जबकि दोपहर बाद मौसम में बदलाव दिखेगा। दक्षिण बिहार के जिलों को भी राहत मिलने के आसार हैं।