ठंड ने दे दी दस्तक…… पटना सहित बिहार के कई जिलों के तापमान में दर्ज कि गई गिरावट।

बिहार में बह रही ठंडी हवाओं ने बिहार के मौषम में परिवर्तन ला दिया है। राजधानी पटना समेत राज्य के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान तेजी से गिर रहा है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होते ही पूरे बिहार में मौसम साफ हुआ है। साथ ही उत्तरी पछुआ हवा का प्रभाव बढ़ने से ठंड में बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक सप्ताहा के अंत तक राज्य में ठंड का असर और बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक पटना के न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है। पटना का न्यूनतम तापमान गुरुवार को 17.6 डिग्री दर्ज किया गया। इस सीजन में पहली बार इस स्तर पर तापमान नीचे आया है। पूरे राज्यभर में गया में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया, यहां न्यूनतम पारा 1.3 डिग्री की गिरावट के साथ 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

भागलपुर में भी 1.8 डिग्री की गिरावट के साथ न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्णिया में न्यूनतम पारा एक डिग्री नीचे आकर 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सारण, नवादा, शेखपुरा, अररिया, सीतामढ़ी में भी तापमान नीचे आया है।

रातों कि अपेक्षा दिन हो रहा अधिक गर्म

न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ही राज्य के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान में भी आंशिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यानी कि रातें सर्द होने के साथ दिन गर्म हुए हैं। गुरुवार को पटना में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री, गया में 31.5 डिग्री, भागलपुर में 30.1 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 28.2 डिग्री और पूर्णिया में 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।