शराब पिने के आरोप में पकड़े गए एक शख्स की पुलिस हिरासत में हुई मौत, एसपी बोले इसकी पूरी जांच की जाएगी……

बिहार के मुंगेर जिले में 39 साल के शख्स की पुलिस हिरासत में मौत हो गई। पुलिस इसे हादसा करार देने में जुटी है। मामला जिले के धरहरा का है। मृतक की प्तनी गोलकी देवा का कहा है कि पुलिस उनके पति को 7 नवंबर को शराब पीने के आरोप में पकड़कर ले गई थी। गुरुवार को उसकी पटना के अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मौत के बाद घर वालों को सूचना दी। परिजन ने पुलिस हिरासत में प्रताड़ना से मौत का आरोप लगाया है। मृतक का नाम अशोक मांझी था।

अशोक नालंदा जिला के सरमेरा थानान्तर्गत हुसैना गांव निवासी विनेश्वर मांझी का पुत्र था। वह शादी के बाद ससुराल मानगढ़ मुसहरी टोला में ससुर मुरल मांझी के घर रह रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक अशोक को शराब पीने के आरोप में पुलिस ने उसे 7 नवंबर की शाम में गिरफ्तार किया था। गुरुवार को पटना के अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत के कारन पुलिस ने परिजनो को सूचना दी।

परिजन का यह भी कहना है कि पुलिस शराब पीकर उत्पात मचाने के आरोप में अशोक को गिरफ्तार कर थाने ले गई थी। जबकि शराब पीकर उत्पात मचाने की कोई बात ही नहीं थी। पुलिस की कोई सोची समझी साजिश थी। ग्रामीणों में इस बात को लेकर काफी आक्रोश है। वहीं पुलिस अधिकारी पूरे मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।

क्या है पूरा मामला

अशोक चार साथियों के साथ घर के आगे मचान पर बैठा गपशप कर रहा था। तभी सादे लिबास में आई पुलिस ने उसे बुलाया और थाने लेकर चली गई। पुलिस साथ में संचू मांझी के पुत्र चूल्हो मांझी को भी ले गई। उसपर शराब मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई। गिरफ्तारी के कुछ देर बाद ही अशोक की पत्नी पहुंची तो थाने से पहले गांधी मैदान के कोने पर पति को लहुलुहान पाया। उसके सिर पर जख्म के गहरे निशान थे। सिर के पिछले हिस्से में काफी चोट आई थी और वह सेंसलेस हो गया था।

कुछ देर बाद पुलिस घायल अशोक को वाहन में बैठाकर धरहरा अस्पताल ले गई। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सदर फिर पटना अस्पताल रेफर कर दिया। जख्मी युवक को साथ लेकर पुलिस इलाज के लिए पटना गई। जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पोस्टमार्टम बाद पुलिस ने परिजन को शव सौंप दिया। थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि युवक की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है। इस संबंध मे मृतक के भाई विनोद मांझी ने पाटलीपुत्र थाने में बयान दिया है। पुलिस ने युवक को कस्टडी में नहीं लिया था। वहीं पति की मौत से पत्नी और बच्चे का रो-रोकर बुरा हाल है।

एसपी बोले जांच होगी

मुंगेर जिले के एसपी जेजे रेड्डी ने कहा है कि इलाज के लिए पटना भेजे गये घायल युवक का वहां फर्द बयान हुआ है। फर्द बयान से घटना की वास्तविकता का पता चल पायेगा। फर्द बयान अभी प्राप्त नहीं हुआ है, मिलने के बाद मामले की जांच कराई जाएगी। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वो कोई भी हो।