1 सितंबर से देश में अनलॉक-4 होगा लागू, अभी से जान लीजिए किन सेवाओं पर रहेगी पाबंदी

कोरोना वायरस संक्रमण के बीच देश में 1 सितंबर से अनलॉक-4 लागू हो रहा है। देश में कोरोना संक्रमण के आंकड़े 36 लाख पार कर गये हैं। अनलॉक-4 के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से एक-दो दिन में गाइडलाइंस जारी कर दी जाएंगी। कुछ चीजों को छोड़कर अधिकतर गतिविधियों की इजाजत दी जा सकती है। बाहर निकलते समय मास्‍क लगाना अब भी अनिवार्य रहेगा। राज्‍य अपने यहां कोरोना संक्रमण के हिसाब से गाइडलाइंस में बदलाव कर सकेंगे।

कौन सी सेवाएं चालू होंगी, किनपर रहेंगी पाबंदियां

  • केंद्र सरकार मेट्रो सेवाओं को शुरू करने की छूट दे सकती है। 22 मार्च से ही मेट्रो सेवाएं ठप पड़ी हैं जबकि 1 सितंबर से दिल्‍ली-एनसीआर में मेट्रो बंद है। मेट्रो शुरू करने पर कॉन्‍टैक्‍टलेस टिकटिंग सिस्‍टम लागू किया जाएगा और टोकन्स जारी नहीं होंगे।

 

  • कोलकाता में घरेलू उड़ानों को लैंड करने की छूट मिल जाएगी। सीएम ममता बनर्जी ने कहा है कि 1 सितंबर से दिल्‍ली, मुंबई, पुणे, नागपुर, चेन्‍नई और अहमदाबाद की फ्लाइट्स कोलकाता एयरपोर्ट उतर सकेंगी। राज्‍य में वीकेंड्स पर लॉकडाउन जारी रहेगा।

 

  • स्‍कूल और कॉलेज बंद ही रहेंगे। हालांकि कर्नाटक में 1 सितंबर से डिग्री कॉलेजों की ऑनलाइन क्‍लासेज शुरू हो रही हैं। वहां 1 अक्‍टूबर से ऑफलाइन क्‍लासेज शुरू करने की भी योजना है।

 

  • सिनेमा हॉल्‍स के भी बंद रहने की उम्‍मीद है। सोशल डिस्‍टेंसिंग के नियमों के चलते केवल 25-30% सीटें ही बुक हो पाएंगी जिससे घाटा होगा। हालांकि कर्नाटक में सिनेमा हॉल्‍स को खोलने की छूट दी जा सकती है।
  • मुंबई की लोकल ट्रेन सर्विस बंद रहेंगी। मुंबई पुलिस ने भी चेतावनी जारी की है कि अगर बिना वजह बाहर घूमते मिले तो गाड़ी सीज कर देंगे।