कोविड-19 अपडेट : 37 लाख के करीब कुल संक्रमितों का आंकड़ा, बीते 28 दिनों में मौत की संख्या में सबसे बड़ी गिरावट

भारत में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। कुल संक्रमितों की संख्या 37 लाख के करीब पहुंच चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 68 हजार 766 संक्रमित बढ़े, 64 हजार 435 ठीक हुए, जबकि 817 की मौत हुई। संक्रमितों के आंकड़ों में बीते छह दिन में और मौत के आंकड़ों में बीते 28 दिन की सबसे बड़ी गिरावट है। इससे पहले 25 अगस्त को 66 हजार 873 केस आए थे, जबकि 3 अगस्त को 806 संक्रमितों की मौत हुई थी।

देश में रिकवरी रेट में भी 1प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। यह अब 76.85 प्रतिशत पहुंच गई है। मतलब हर 100 मरीजों में 76 लोग ठीक हो जा रहे हैं। अब तक 65 हजार 435 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। 7.83 लाख मरीज ऐसे हैं जिनका अभी इलाज चल रहा है।