देश में 83 दिन बाद 50 हजार से कम केस मिले, अब तक ठीक हो चुके 88.26 फीसदी मरीज

देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मंगलवार को 83 दिन बाद पहली बार 50 हजार से कम मामले आए. वहीं मृतकों की संख्या 500 से ज्यादा रही. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में फिलहाल कुल एक्टिव मामले 10.23प्रतिशत है, वहीं ठीक होने या डिस्चार्ज केस 88.26 फीसदी हैं। इसके साथ ही इस संक्रामक रोग से 1.52 फीसदी लोगों की मौत हो चुकी है।

देश में फिलहाल एक्टिव केस 7,48,538, डिस्चार्ज होने वालों की संख्या 67,33,328 और अब तक 1,15,197 लोगों की मौत हो चुकी है. मंत्रालय ने कहा कि उनके आंकड़ों का मिलान आईसीएमआर से किया जा रहा है। जानकारी दी गई कि एक दिन यानी सोमवार सुबह 8 बजे से मंगलवार सुबह 8 बजे तक देश में कुल नए 46,790 मामले दर्ज किए गए जबकि 69,720 लोग ठीक हुए वहीं 587 लोगों की मौत हो गई। देश में फिलहाल कोरोना के कुल पुष्ट मामले 75,97,063 हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 5 सबसे अधिक प्रभावित राज्यों-महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में डेली पाए जाने वाले कोरोना केसज के ट्रेंड गिरावट की ओर संकेत दे रहे हैं. भारत में कोरोना के एक्टिव केसेज में लगातार कमी को दर्शाता है क्योंकि केस लोड लगातार 3 दिनों में 8 लाख से नीचे है।