COVID-19 अपडेट : देश में एक हफ्ते बाद नये कोरोना के मामले 50 हजार के पार, 701 मरीजों की मौत

देश में कोरोना वायरस के नये मामले फिर से बढ़ते जा रहे हैं। एक हफ्ते बाद फिर एक बार नए केस का आंकड़ा 50 हजार के पार हो गया है। बुधवार को 50 हजार 465 मरीज मिले। इससे पहले 28 अक्टूबर को 50 हजार 188 केस आए थे। मौत का आंकड़ा भी 704 रहा। बीते 15 दिनों में यह सबसे ज्यादा है। इससे पहले 21 अक्टूबर को 701 संक्रमितों की मौत हुई थी।

अब 5 लाख 25 हजार 397 एक्टिव मरीज

देश में अब तक 83 लाख 63 हजार 412 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें से 77 लाख 10 हजार 630 मरीज ठीक हो चुके हैं। इस बीमारी से अब तक 1 लाख 24 हजार 354 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। अब 5 लाख 25 हजार 397 मरीजों का इलाज चल रहा है।

देश में अब तक 11.39 करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच हो चुकी है। हर 10 लाख की आबादी में टेस्टिंग का आंकड़ा बढ़कर अब 81 हजार 883 हो गया है। अच्छी बात है कि देश में अब 25 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं जहां इतनी ही आबादी में इससे भी ज्यादा लोगों की जांच हो रही है। इनमें 3 राज्य ऐसे हैं जहां हर 10 लाख की आबादी में दो लाख से ज्यादा, 11 राज्यों में 1 लाख से ज्यादा और 11 राज्यों में 81 हजार 883 से एक लाख तक टेस्टिंग हो रही है।

11 राज्यों में एक्टिव केस बढ़े

केरल, दिल्ली, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मणिपुर, चंडीगढ़ और लद्दाख में बुधवार को एक्टिव केस में इजाफा हुआ। सबसे ज्यादा छत्तीसगढ़ में 1003, दिल्ली में 994, तेलंगाना में 358 और केरल में 282 एक्टिव केस बढ़े।