बिहार के मुख्य सचिव अरूण कुमार सिंह ने कोरोना संक्रमित होने के बाद ली अंतिम सांस, मुख्यमंत्री मर्माहत, कैबिनेट की बैठक में किया गया शोक व्यक्त

बिहार के मुख्य सचिव अरूण कुमार सिंह की कोरोना संक्रमित होने से मौत हो गई है। मुख्य सचिव अरूण कुमार सिंह को इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। मुख्य सचिव की मौत के बाद प्रशासनिक गलियारे में शोक की लहर है। अरूण कुमार सिंह प्रशासनिक सेवा के एक कुशल प्रशासक थे, उनके निधन से प्रशासनिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। पिछले दिनों वह कोरोना संक्रमित पाए गए थे और तब से लगातार उनका इलाज चल रहा था।

मुख्यमंत्री मर्माहत, कैबिनेट की बैठक में किया गया शोक व्यक्त

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह की कोरोना संक्रमण से हुई मौत पर शोक और गहरी संवेदना व्यक्त की। मुख्य सचिव के असामयिक निधन की सूचना मुख्यमंत्री को कैबिनेट की बैठक के समापन के समय मिली। कैबिनेट की बैठक में मुख्य सचिव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए एक मिनट का मौन रखा गया। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि अरुण कुमार सिंह वर्ष 1985 बैच के बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी थे। वे भारतीय प्रशासनिक सेवा के एक कुशल प्रशासक थे। वे एक मिलनसार व्यक्ति थे। विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने अपनी भूमिका का बेहतर निर्वहन किया था। उनके निधन से प्रशासनिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

गौरतलब हो कि 1985 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अरुण कुमार सिंह फ़रवरी महीने में बिहार के मुख्य सचिव बने थे। इससे पहले अरुण कुमार सिंह बिहार के विकास आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अरुण कुमार सिंह 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने वाले थे। लेकिन उससे पहले ही कोरोना ने उनकी जिंदगी छीन ली।