कोरोना का संकट: डीएम के आदेश के बाद दिल्ली-नोएडा बॉर्डर सील, मीडियाकर्मियों पर भी लगा प्रतिबंध

दिल्ली में लगातार बढ़ रहे कोरोना मरीजो को देखते हुए  दिल्ली-नोएडा बॉर्डर सील कर दिए गए हैं। आवागमन पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। जिला अधिकारी सुहास एलवाई के आदेश के बाद दिल्ली-नोएडा के तमाम नाकों पर मीडियाकर्मियों को भी रोक दिया गया।

आवागमन करने वाले व्यक्तियों से संक्रमण की संभावना

गौतम बुद्ध नगर के डीएम के आदेश में कहा गया है कि चिकित्सा विभाग, गौतमबुद्ध नगर की आख्या से स्पष्ट प्रतीत होता है कि दिल्ली-गौतमबुद्ध नगर के मध्य आवागमन करने वाले व्यक्तियों से संक्रमण की संभावना है। अंतः व्यापक जनहित में दिल्ली-गौतमबुद्ध नगर के बीच आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जाता है। हालांकि इस आदेश में आवश्यक सेवाओं से सीधे जुड़े लोगों को छूट दी गई है लेकिन मीडिया कर्मियों के लिए आधिकारिक पास अनिवार्य कर दिया गया है।

दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर भी सील

कोरोना को फैलने से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर के साथ-साथ थाने में जिलों की सीमाएं भी पूरी तरह सील कर दीं। नाकों पर लोगों को घंटों जाम से जूझना पड़ा तो वहीं पुलिस को भी मशक्कत करनी पड़ी। एकाएक सख्ती बढ़ी तो पुलिस पर आरोप लगने भी शुरू हो गए। आरोप है कि लॉकडाउन का पालन कराने की आड़ में पुलिस ने मनमानी चलाई और जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को भी नहीं जाने दिया। बैंकिंग, अस्पताल, मीडिया व अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों की शिकायत की ट्विटर पर भरमार दिखी।