राहत की खबर: कोरोना संक्रमण से जल्द मुक्त हो सकते हैं 16 राज्य

देश के 32 राज्य वायरस की चपेट में हैं, लेकिन सबसे अधिक देश के 16 राज्य बुरी तरह प्रभावित हैं, जहां सबसे अधिक मरीज मिले हैं और सबसे अधिक मौतें भी दर्ज हुई हैं। लेकिन 16 राज्य ऐसे हैं, जहां कुल मरीजों का आंकड़ा 450 भी पार नहीं कर सका है और मौतों का आंकड़ा भी दहाई के आंकड़े को नहीं छू सका है। इन राज्यों के जल्द कोरोना मुक्त होने की उम्मीद है।

32 राज्यों में कुल 24,506 में संक्रमण की पुष्टि

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, शनिवार शाम तक देश के 32 राज्यों में कुल 24,506 में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इन राज्यों में महाराष्ट्र सर्वाधिक मरीजों के साथ शीर्ष पर है।इसके बाद गुजरात, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, और उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक रोगी हैं। जहां आंकड़ा दो हजार के करीब या उससे अधिक है। इसके बाद आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, बिहार, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, केरल, पंजाब और पश्चिम बंगाल हैं जहां मरीजों का आंकड़ा 223 से 955 के बीच है। कुल संक्रमितों में से 24,089 मरीज इन्हीं सोलह राज्यों में हैं, जबकि कुल 768 लोगों की मौत हुई हैं।

16 राज्य में अब तक केवल 417 मरीज

वही 16 राज्य ऐसे हैं जहां अब तक केवल 417 मरीजों में वायरस की पुष्टि हुई है और केवल सात लोगों की मौत हुई है। इन राज्यों में ओडिशा के साथ अंडमान निकोबार आइलैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, गोवा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, लद्दाख, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, पुड्डुचेरी, त्रिपुरा और उत्तराखंड शामिल हैं। ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि ये सभी राज्य जल्द कोरोना मुक्त होंगे। गोवा पहले ही हो चुका है।

11 राज्यों में अब तक कोई मौत नहीं

देश के  11 राज्य ऐसे हैं जहां मरीजों का आंकड़ा करीब 150 के पार है लेकिन यहां अब तक किसी की जान नहीं गई है। इन राज्यों में उत्तराखंड के साथ चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, गोवा, लद्दाख, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, पुड्डुचेरी, मिजोरम, मणिपुर और अंडमान निकोबार द्वीप समूह शामिल हैं।

6 राज्यों में कोरोना नियंत्रण में

वही 6 राज्य में कोरोना वायरस पूरी तरह नियंत्रण में है। इन छह राज्यों में अरुणाचल प्रदेश 1, गोवा 7, मणिपुर 2, मिजोरम 1, पुड्डुचेरी 7 और त्रिपुरा 2 मरीजों में वायरस की पुष्टि हुई है। सभी छह राज्यों में अभी तक सिर्फ 20 लोगों में वायरस की पुष्टि हुई है जिसमें 90 फीसदी ठीक होकर घर लौट चुके हैं। गोवा पहले ही कोरोना मुक्त राज्य बन गया है।