श्रीनगर की डल झील से शुरू हुई फ्लाई पास्ट, अस्पतालों पर होगी पुष्पवर्षा, वायुसेना ने दी कोरोना वॉरियर्स को सलामी

जम्मू कश्मीर के श्रीनगर के डल झील से आज सुबह आठ बजे से फ्लाई पास्ट की शुरुआत हुई। वायुसेना के विमानों ने डल झील के ऊपर फॉर्मेशन में फ्लाई किया। हालांकि, खराब मौसम के चलते विमानों की विजिबिलिटी काफी कम थी और विमान काफी ऊंचाई पर उड़ान भर सके। कश्मीर में रातभर से बारिश हो रही है। ये फ्लाई पास्ट श्रीनगर के बाद चंडीगढ़ में नजर आएगा।

कोरोना वॉरियर्स के सम्मान में फूलो की वर्षा

नौ फाइटर प्लेन और तीन ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट इंडियन एयरफोर्स के अब तक के सबसे लंबे फ्लाई पास्ट का हिस्सा होंगे। यह फ्लाई पास्ट उत्तर में श्रीनगर से दक्षिण में कोयंबटूर तक 2570 किमी और पूरब में गुवाहाटी से पश्चिम में अहमदाबाद तक 1966 किमी की हवाई दूरी तय करेगा। कोरोनावायरस के खिलाफ जंग में शामिल डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ, सफाई से जुड़े लोगों और पुलिस के सम्मान में यह किया जा रहा है। यह पहला मौका है, जब तीनों सेनाएं वायरस का सामना कर रहे वॉरियर्स के सम्मान के लिए आगे आई हैं। देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत ने शुक्रवार को इसका ऐलान किया था।

दिल्ली में पुलिस वॉर मेमोरियल पर फूल बरसाएंगे

सुबह 9 बजे सेना के हेलिकॉप्टर दिल्ली में पुलिस वॉर मेमोरियल पर फूल बरसाएंगे। सुबह 10 से 10:30 बजे के बीच देशभर में कोरोना के अस्पतालों पर भी आर्मी, एयरफोर्स और नेवी के हेलिकॉप्टरों के जरिए फूल बरसाए जाएंगे। इनमें दिल्ली का एम्स, दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल, जीटीबी अस्पताल, लोकनायक अस्पताल, राम मनोहर लोहिया अस्पताल, सफदरजंग अस्पताल, गंगाराम अस्पताल, बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल, मैक्स साकेत, रोहिणी अस्पताल, अपाेलो इंद्रप्रस्थ और आर्मी हॉस्पिटल रिसर्च एंड रैफरल शामिल है।

अलग अलग अस्पतालों के बाहर मिलिट्री बैंड

सुबह 10 से 10:30 बजे के बीच देशभर में कोरोना मरीजों के लिए तय अलग-अलग अस्पतालों के बाहर मिलिट्री बैंड देशभक्ति की धुनें बजाएंगे। यह डॉक्टर्स और मेडिकल स्टाफ के सम्मान में होगा।

सुखोई 30, मिग 29 और जगुआर फाइटर लेंगे हिस्सा

सुखोई 30, मिग 29 और जगुआर फाइटर प्लेन एयर सैल्यूट में हिस्सा लेंगे। सी-130जे सुपर हरक्यूलिस ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट भी शामिल होंगे। यह ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट 10 से 12 घंटे उड़ान भर सकता है। एक दिन की प्रैक्टिस में पहली बार फ्लाई पास्ट हो रहा है। अमेरिका ने न्यूयॉर्क में कोरोना वॉरियर्स के सम्मान में ही कुछ दिन पहले एक फ्लाई पास्ट किया था, जिसके लिए एक महीने प्रैक्टिस की थी।

सभी शहरों की विधानसभा के ऊपर से गुजरेंगे प्लेन

दिल्ली और मुंबई के अलावा सभी जगहों पर स्टेट असेंबली के ऊपर यह फ्लाई पास्ट होगा

दिल्ली में सुबह 10.15 बजे से 10.30 बजे तक

मुंबई में 10.30 बजे मरीन ड्राइव पर

जयपुर में 10.30 बजे

गुवाहाटी 10.30 बजे

अहमदाबाद में 11.25 बजे

पटना 11.37 बजे

लखनऊ 12.20 बजे

ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट सी-130 की 10.15 पर दिल्ली में राजपथ, 10.49 बजे जयपुर के जहाज महल होते हुए यह 11.51 पर भोपाल में बड़ा तालाब आएगा। फिर 13.22 पर मुंबई के मरीन ड्राइव, 14.40 हैदराबाद के हुसैनसागर लेक से होते हुए 15.46 पर बेंगलुरु के विधानसौदा और फिर 16.55 पर कन्याकुमारी में विवेकानंद रॉक होते हुए तिरुवनंतपुरम सेक्रेटरिएट शाम 5.11 मिनट पर और फिर सुलूर कोयंबटूर पर 5.55 पर फ्लाई पास्ट खत्म होगी।

नौसेना के जहाजों पर शाम 7:30 बजे दिखेगा आतिशबाजी

रविवार शाम 7:30 से रात 11:59 बजे के बीच मुंबई के गेट ऑफ इंडिया के नजदीक तैनात नौसेना के पांच जहाजों पर रोशनी की जाएगी। नौसेना की पश्चिमी कमान के इन जहाजों पर ‘इंडिया सैल्यूट्स कोरोना वॉरियर्स’ लिखे बैनर नजर आएंगे। शाम 7:30 बजे साइरन बजेगा और आतिशबाजी दिखेगी। ऐसा ही नजारा विशाखापट्‌टनम, पोरबंदर, कारवार, चेन्नई, कोच्चि और पोर्ट ब्लेयर में तैनात जंगी जहाजों पर भी नजर आएगा। पोरबंदर, रत्नागिरी, गोवा, पोर्ट ब्लेयर जैसी 24 अलग-अलग जगहों पर कोस्ट गार्ड के जहाजों पर भी रोशनी की जाएगी