सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में मुंबई पुलिस ने फिल्म क्रिटिक राजीव मसंद से की पुछताछ, सुशांत की फिल्मों को दी थी निगेटिव रेटिंग

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत को एक महीने से अधिक हो चुका है। लेकिन अभी तक इस पर से पर्दा नहीं उठ सका है। वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया सहित कई सितारे भी इस मामले में सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। हालांकि दूसरी ओर मुंबई पुलिस भी इस मामले की जांच तेजी से कर रही है। ऐसे में मशहूर फिल्म क्रिटिक राजीव मसंद को मुंबई पुलिस ने बांद्रा स्टेशन पूछताछ के लिए बुलाया है। राजीव मसंद पर ऐसा आरोप है कि उन्होंने जानबूझकर सुशांत की फिल्मों को निगेटिव रेटिंग दी थी।

सुशांत की फिल्मों को निगेटिव रेटिंग भी दी थी

मुंबई पुलिस सुशांत सिंह राजपूत मामले में हर एंगल से जांच कर रही है। इसी के तहत अब राजीव मसंद का बयान दर्ज किया जा रहा है। खबरों के मुताबिक राजीव मसंद ने सुशांत को लेकर कई निगेटिव आर्टिकल लिखे थे। साथ ही सुशांत की फिल्मों को निगेटिव रेटिंग भी दी थी। बताया जा रहा है राजीव मसंद ने कुछ लोगों के कहने पर ही सुशांत की फिल्मों को निगेटिव रेटिंग दी थी। इसी संदर्भ में पुलिस ने पूछताछ के लिए राजीव मसंद को बुलाया है। उनसे पूछताछ में पता किया जाएगा कि ये सभी आरोप कितने सही हैं और कितने गलत।

14 जून को बांद्रा स्थित फ्लैट पर मृत पाए गए थे सुशांत

आपको बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को अपने मुंबई के बांद्रा स्थित फ्लैट पर मृत पाए गए थे। जिसके बाद से ही पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है। इस मामले को लेकर सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती, सुशांत के मैनेजर सिद्धार्थ पीठानी, संजय लीला भंसाली, आदित्य चोपड़ा और शेखर कपूर जैसे कई बड़ी हस्तियों से पहले पूछताछ की जा चुकी है।