सुशांत सिंह का घर छोड़ने के बाद रिया ने महेश भट्ट को किया था मैसेज, भट्ट ने दी थी सलाह- पीछे मुड़कर मत देखना

सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले की जांच सीबीआई के हाथ में आने के बाद जांच शुरू हो गई है। केस की जांच के लिए सीबीआई की टीम मुंबई पहुंच चुकी हैं। वे क्राइम सीन को रीक्रिएट कर जांच शुरू करेंगे। इस बीच सुशांत की गर्लफ्रेंड रहीं रिया चक्रवर्ती और फिल्म डायरेक्टर महेश भट्ट की एक वॉट्सऐप चैट मीडिया में वायरल हो रही है। चैट सुशांत की मौत से 6 दिन पहले यानी 8 जून की रात 7ः43 से 8ः08 बजे के बीच की है। इसी दिन से रिया सुशांत का घर छोड़कर चली गई थीं। चैट में भट्ट ने रिया को पीछे मुड़कर न देखने की सलाह दी थी। वॉट्सऐप चैट में रिया ने खुद को भट्ट के निर्देशन में बनी उनकी फिल्म ’जलेबी’ के किरदार आयशा के रूप में मेंशन किया है।

वॉट्सऐप चैट में दोनों के बीच की बातचीत का अंश:-

रिया चक्रवर्ती : भारी दिल और राहत की भावना के साथ आयशा आगे बढ़ गई है सर…हमारा आखिरी कॉल जगाने वाला कॉल था। आप मेरे एंजल हैं। आप तब भी थे और अब भी हैं।

महेश भट्टः पीछे मुड़कर मत देखना। इसे संभव बनाओ, जो कि जरूरी है। आपके पिता को मेरा प्यार। उन्हें बहुत खुशी होगी।
रिया चक्रवर्तीः कुछ साहस मिला सर और आपने उस दिन फोन पर मेरे पिता के बारे में जो कहा, उसने मुझे स्ट्रॉन्ग होने के लिए प्रेरित किया। हमेशा खास होने के लिए उन्होंने आपको प्यार और शुक्रिया भेजा है।
महेश भट्टः तुम मेरी बच्ची हो। मैं हल्का महसूस कर रहा हूं।
रिया चक्रवर्ती : आह…शब्द नहीं है सर…दिल भरा हुआ है। लेकिन आपके लिए जो फीलिंग होती है, वह सबसे अच्छी होती है।
महेश भट्टः बहादुर होने के लिए शुक्रिया।
रिया चक्रवर्ती : किस्मत का शुक्रिया, जो उसने मुझे आपसे मिला दिया। आप सही हैं। हमारे रास्ते इस दिन के लिए ही मिले थे। सिर्फ एक फिल्म के लिए नहीं, बल्कि कुछ बहुत अलग है। आपके कहा एक-एक शब्द मेरे दिमाग में गूंजता है और आपके असीमित प्यार का गहरा प्रभाव महसूस होता है।
महेश भट्टः हां, हां, हां। अगर मैं काम न आ सका तो मेरे होने का कोई मतलब नहीं है।
रिया चक्रवर्ती : आपने मुझे फिर आजाद कर दिया। भगवान की तरह एक ही जिंदगी में दूसरी बार। (संभवतः पहली बार के तौर पर वे उनकी फिल्म ’जलेबी’ की बात कर रही हैं)
महेश भट्ट : रेस्ट।
रिया चक्रवर्तीः आह शांति।
महेश भट्ट : हैप्पी बर्थडे। (शायद महेश भट्ट इसे रिया का पुनर्जन्म मान रहे थे।)
रिया चक्रवर्ती : हाहा-हाहा…मैं स्माइल कर रही हूं। आई लव यू माय बेस्ट मैन। आपको प्राउड फील कराऊंगी।
महेश भट्ट : तुमने पहले ही करा दिया। वाकई। तुमने जो किया, उसके लिए गट्स चाहिए। पीछे मत मुड़ना।

भट्ट ने सुशांत से रिश्ता खत्म करने की दी थी सलाह

रिया ने मुंबई पुलिस और ईडी की पूछताछ में यह दावा किया था कि सुशांत ने उन्हें घर छोड़ने के लिए कहा था, क्योंकि उनके पिता उनके रिश्ते से खुश नहीं थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महेश भट्ट ने भी उन्हें सुशांत के साथ रिश्ता खत्म करने की सलाह दी थी। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से लिखा है कि रिया ने कुछ और लोगों को सुशांत की मानसिक बीमारी के बारे में बताया था।