देश में बेकाबू होते जा रहा कोरोना, पिछले 24 घंटे में आए 81 हजार से ज्यादा मामले, 469 लोगों की मौत,महाराष्ट्र में लग सकता है लॉकडाउन

भारत में कोरोना लगातार बेकाबू होते जा रहा है। कोरोना वायरस के मामलों में बड़ा उछाल दर्ज किया गया है. शुक्रवार को देश में कोरोना के 81 हजार से अधिक नए केस दर्ज किए गए हैं।

पिछले 24 घंटे में 81,466 नए मामले सामने

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों ने सरकार और स्वास्थ्य महकमे के अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटे में देश में 81,466 नए मामले सामने आए हैं जबकि 469 लोगों ने इस खतरनाक वायरस के आगे हार मान ली है। वहीं सक्रिय मामलों की बात करें तो देश में मौजूदा समय में 6,14,696 मरीजों का इलाज चल रहा है।

महाराष्ट्र में लग सकता है लॉकडाउन

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए वहां एक बार फिर लॉकडाउन लग सकता है। महाराष्ट्र के कई जिलों में पहले ही नाइट कर्फ्यू और आंशिक लॉकडाउन लगा हुआ है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने दोबारा लॉकडाउन लगाने की सलाह दी है।

बिहार में कोरोना के 488 नए मामले सामने

कोरोना की दूसरी लहर पहले से भी ज्यादा खतरनाक साबित हो रही है। देश में कोरोना एक बार फिर तेजी से पैर फैला रहा है। वहीं बिहार में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 488 नए मामले सामने आए। इनमें अकेले राजधानी पटना में 174 लोग संक्रमित पाए गए हैं।

केजरीवाल सरकार ने बुलाई आपात बैठक

दिल्ली में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसे लेकर केजरीवाल सरकार ने आज आपात बैठक भी बुलाई है।