शाहरुख खान को मिली जान से मारने की धमकी, मिली Y+ सिक्योरिटी; 24 घंटे साथ रहेंगे इतने पुलिस कमांडो

बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान को मुंबई पुलिस ने Y+ सिक्योरिटी दी है। सूत्रों के मुताबिक, मुंबई पुलिस को जानकारी मिली है कि शाहरुख को उनकी फिल्म ‘पठान’ और ‘जवान’ की सफलता से असंतुष्ट कुछ लोगों ने जान से मारने की धमकी दी है।

शाहरुख ने खुद इसकी शिकायत की थी

कहा जा रहा है कि शाहरुख ने खुद इसकी शिकायत की थी, जिसके बाद उन्हें सुरक्षा दी गई है। इस Y+ सिक्योरिटी के अंतर्गत 6 पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर और 5 पुलिसकर्मी वेपन्स के साथ 24 घंटे शाहरुख खान के साथ रहेंगे। अब तक शाहरुख खान की सुरक्षा में मुंबई पुलिस के दो कांस्टेबल हर पल उनके साथ मौजूद रहते थे।

बंगले पर भी हर समय चार सशस्त्र पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे

मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र के सभी पुलिस ज्यूरिडिक्शन को नोटिफिकेशन जारी करते हुए सभी यूनिट कमांडरों से रिक्वेस्ट की है कि शाहरुख खान को तत्काल प्रभाव से Y+ सिक्योरिटी दी जाए। उनकी सिक्योरिटी में मौजूद सुरक्षाकर्मी MP-5 मशीन गन, AK-47 असॉल्ट राइफल और ग्लॉक पिस्टल से लैस होंगे। पुलिस ने बताया कि खान के बंगले पर भी हर समय चार सशस्त्र पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे।