रणवीर कपूर और आलिया भट्ट जल्द बंधने वाले हैं शादी के बंधन में, जानिए कब आयेंगे कपूर और भट्ट परिवार साथ।

जिस शादी का इंतजार बॉलीवुड के दीवाने लंबे अरसे से कर रहे हैं, उस शादी की तारीखों का ऐलान हो गया है। जी हां रणबीर कपूर और आलिया भट्ट इसी महीने शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। फैंस लंबे समय से इन दोनों को सात फेरे लेते हुए देखना चाह रहे थे और अब फैंस की दुआ कबूल होने वाली है। रणबीर और आलिया की शादी की खबरें तो खूब उड़ी लेकिन इस बार शादी की तारीखों वाली खबरों पर मुहर लगती नजर आ रही है।

रणबीर आलिया की शादी की तारीख


टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, रणबीर कपूर और आलिया भट्ट जल्द ही दूल्हा-दूल्हन बनने वाले हैं। ये शादी अप्रैल के दूसरे हफ्ते यानी 17 अप्रैल को होगी। लेकिन आपको ये भी बता दें कि इन तारीखों में बदलाव भी किया जा सकता है। ये तारीख एक-दो दिन आगे-पीछे हो सकती है और इसके पीछे का कारण आलिया के नाना की सेहत बताई जा रही है। जिस दिन उनकी सेहत ठीक होगी, उस दिन ये कपल सात फेरे ले लेंगे।

कहां और कितने लोगो के बीच होगी शादी।


आपको बता दें, कि इस बात का खुलासा तो पहले ही हो चुका है कि ऋषि कपूर और नीतू कपूर ने 20 जनवरी 1980 को आरके हाउस में सात फेरे लिए थे। अपने पैरेंट्स की तरह रणबीर कपूर भी चेम्बूर स्थित कपूर परिवार के पुश्तैनी घर आरके हाउस में आलिया भट्ट के साथ शादी करना चाहते हैं। वेडिंग सेरेमनी में करीब 450 मेहमान शामिल होंगे। इस शादी में परिवार के करीबी ही शामिल होंगे, यहां तक कि इस शादी के फंक्शन एक से दो दिन तक के लिए ही रखे जाएंगे।

इस फिल्म में नजर आएगा कपल


गौरतलब है कि इन दिनों आलिया और रणबीर अपनी नई फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। चार साल बाद हाल ही में फिल्म की शूटिंग कम्प्लीट हुई है। इसमें रणबीर- आलिया के अलावा अमिताभ बच्चन और मौनी रॉय जैसे सितारे भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म से आलिया और रणबीर का लुक सामने आ चुका है। ये मूवी 9 सितंबर, 2022 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।