खेसारी-पवन विवाद पर रवि किशन को आया गुस्सा, बोले बस करो पूरा भारत भोजपुरी इंडस्ट्री पर हंस रहा है।

भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों के बीच आज कल घमासान मचा हुआ है। सुपरस्टार खेसारी लाल यादव और पवन सिंह के बीच की लड़ाई दिन-ब-दिन बढ़ती ही जा रही है। खेसारी लाल यादव ने आरोप लगाया था कि उन्हें और उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकी मिल रही है। साथ ही उन्होंने बिहार सरकार से भी मदद की गुहार लगाई थी। जिसके बाद पवन सिंह ने भी राज्य सरकार से गुहार लगाया था कि जातिवाद फैलाने वाले कलाकारों पर पाबंदी लगाने तथा भोजपुरी भाषा की मर्यादा बनाए रखने के लिए सरकार राज्य में एक कानून ले। इस पूरे विवाद में अब एक्टर और सांसद रवि किशन का बयान सामने आया है।

दरअसल, पवन सिंह पर खेसारी लाल यादव ने जातिवाद फैलाने का भी आरोप लगाया है। खेसारी लाल का मानना है कि पवन सिंह उन्हें अक्सर नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं। अब आजतक से बात करते हुए रवि किशन ने दोनों स्टार्स को नसीहत दी है। उन्होंने कहा है कि भोजपुरी इंडस्ट्री के उत्थान पर ध्यान दें, वर्ना आपसी लड़ाई कहीं इस इंडस्ट्री का नाश न कर दे।

सांसद रवि किशन ने आगे कहा कि, ‘ भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री बहुत तेजी से ग्रो कर रही हैं। अब जो ये विवाद देख रहा हूं, यह बहुत ही दुखद है, ये सब समस्त भोजपुरी इंडस्ट्री के लिए पीड़ादायक है। भोजपुरी सिनेमा में करीब एक लाख से ज्यादा लोगों का रोजगार चलता है। ऐसे में मैं अपने दोनों जूनियर एक्टर्स पवन सिंह, खेसारी लाल और साथ ही सरकार से भी गुजारिश करता हूं कि जल्द ही भोजपुरी इंडस्ट्री में भी सेंसरशिप ले आएं।’ उन्होंने बताया कि यूपी की योगी सरकार इस पर पहल कर रही है, उम्मीद है जल्द ही सेंसरशिप आ जाएगा।

जातिवाद वाले मुद्दे पर रवि किशन ने कहा, ‘जातिवाद का मामला कैसे आ गया। मैं मानता हूं कि कलाकार की कोई बिरादरी नहीं होती है। उसका काम बस अपनी कला का प्रदर्शन करना है और उसी पहचान के साथ मर जाना है। मैं इन दोनों अभिनेताओं से निवेदन करता हूं कि ऐसे किसी विवाद को बढ़ावा ना दें क्योंकि इससे भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री का ही नुकसान होगा, लोग हंस रहे हैं और भोजपुरी इंडस्ट्री का मजाक उड़ा रहे हैं।’