मशहूर अभिनेता सुनील शेंडे का 75 साल की उम्र में निधन, इंडस्ट्री में आज शोक का माहौल…..

हिंदी और मराठी फिल्मों के जाने-माने अभिनेता सुनील शेंडे का निधन हो गया है। सोमवार को उन्होंने अपने मुंबई स्थित घर पर अंतिम सांस ली। सुनील 75 साल के थे। वह अपने पीछे पत्नी ज्योति, दो बेटों ओंकार, ऋषिकेश, बहू और पोते को पीछे छोड़ गए हैं। सुनील शेंडे ने टीवी सीरियल ‘सर्कस‘ में काम किया। सीरियल में वह शाहरुख खान द्वारा निभाए गए किरदार के बाबू जी बने थे। इसके अलावा उन्होंने दूरदर्शन के कई सीरियल में काम किया।

दोपहर को किया गया अंतिम संस्कार। 

सुनील शेंडे अपने घर पर थे और उन्हें चक्कर आया। बताया जा रहा है कि शरीर में आतंरिक रक्तस्राव की वजह से उनकी मौत हो गई। रात करीब एक बजे उन्होंने अपने विलेपार्ले स्थित आवास पर दम तोड़ दिया। सोमवार को दोपहर एक बजे उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

राजेश तैलंग का पोस्ट

अभिनेता राजेश तैलंग ने सुनील के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘अच्छे कलाकार और एक अच्छे इंसान… श्री सुनील शेंडे अब नहीं रहे। मैं भाग्यशाली था कि उनके साथ सीरियल शांति में काम करने का मौका मिला। मैं उनका बेटा बना था। बाबूजी श्रद्धांजलि।

फिल्मों और टीवी में किया काम

सुनील शेंडे ने फिल्म ‘गांधी‘ से इंडस्ट्री में डेब्यू किया। इसमें वह एक डाकू की भूमिका में थे। सुनील शेंडे ने 80 और 90 के दशक में कई फिल्मों में अहम रोल निभाए। उनकी मुख्य फिल्मों में ‘सरफरोश‘, ‘गुनाह‘, ‘खलनायक‘ सहित अन्य है। उनके दमदार व्यक्तित्व की वजह से उन्हें ज्यादातर पुलिस और नेताओं की भूमिकाएं मिलीं। पिछले कुछ दिनों से वह इंडस्ट्री से दूर थे।