दिल्ली में एक बार फिर बढ़ाया गया लॉकडाउन, 31 तक लागू रहेगी पाबंदी

देश की राजधानी दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार ने एक बार फिर लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल  ने दिल्ली में 31 मई की सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान किया। बता दें कि दिल्ली में 24 मई की सुबह लॉकडाउन खत्म हो रहा था, जिसे ऐहतियातन एक हफ्ते और बढ़ा दिया गया है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अप्रैल के महीने में जब सेकंड वेब आया था, तो दिल्ली में सबसे पहले लॉकडाउन लगाया गया था। लगभग 1 महीने से अंदर दिल्ली के लोगों के अनुशासन और दिल्ली के लोगों की मेहनत और संघर्ष की बदौलत कोरोना की दूसरी वेब कमजोर होती नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि हमने अभी जंग नहीं जीती है, लेकिन इसपर काबू पाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि संक्रमण दर अब 2.5 फीसदी के नीचे चली गई है। अप्रैल में एक दिन ऐसा था जब संक्रमण दर 35 फीसदी से ऊपर चला गया था। उन्होंने कहा कि अप्रैल के महीने में एक दिन ऐसा था जब 28,000 केस आए थे। वहीं, बीते 24 घंटे में महज 1600 केस सामने आए हैं. बीते 1 महीने में कई सारी समस्याएं आई, जिनका हम सभी ने मिलकर मुकाबला किया।

उन्होंने कहा कि युद्ध अभी बाकी है। अभी भी 1000 से ज्यादा केस आ रहे हैं। बीते 24 घंटे में मैंने खूब लोगों से पूछा. दिल्ली के लोगों की एक राय है कि एक हफ्ते लॉकडाउन बढ़ाया जाएगा। यानी अब 31 मई की सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन लागू रहेगा।