बॉलीवुड के लोकप्रिय फ़िल्म अभिनेता दिलीप कुमार का निधन, नीतीश कुमार ने बताया फिल्म जगत के लिये अपूरणीय क्षति है…

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार का बुधवार 7 जुलाई) को सुबह 7 बजकर 30 मिनट में निधन हो गया। अभिनेता पिछले कुछ दिनों से उम्र से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे थे और उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें 30 जून को मुंबई के हिंदुजा अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई आईसीयू) में भर्ती कराया गया था। एक्टर की पत्नी सायरा बानो पूरे समय उनके साथ थीं और उन्होंने प्रशंसकों को आश्वासन दिया था कि उनकी हालत स्थिर है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फिल्म स्टार दिलीप कुमार के निधन पर गहरा शोक एवं दुख व्यक्त किया है ।

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि स्व० दिलीप कुमार हिन्दी फिल्मों के एक प्रसिद्ध और लोकप्रिय अभिनेता थे जो भारतीय संसद के उच्च सदन राज्य सभा के सदस्य रह चुके थे। उन्हें 1995 में भारतीय फिल्मों के सर्वोच्च सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था, इसके अलावा दिलीप कुमार को 1998 में पाकिस्तान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान निशान-ए-इम्तियाज से भी सम्मानित किया गया था। उनके निधन से फिल्म जगत को अपूरणीय क्षति हुयी है।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।