दक्षिण कोरिया से सबक ले योगी सरकार, अफवाहों पर तत्काल रोक लगाये-प्रियंका गांधी

कोविड-19 महामारी को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर अफवाहें भी खूब वायरल हो रही हैं। इसे लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अफवाहों पर तत्काल रोक लगाने की अपील की हैं। इसके साथ हीं उन्होंने कहा कि सरकार लोगों के लिए मास्क और सैनिटाइजर भी उपलब्ध कराये, जिससे कोरोना संक्रमण को रोका जा सके।

संकट की घड़ी में कांग्रेस सरकार के साथ

कांग्रेस महासचिव ने योगी को पत्र लिखते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में कांग्रेस, सरकार की हरसंभव मदद के लिए तैयार है।संक्रमण को रोकने के लिए स्क्रीनिंग और जांच की संख्या को बढ़ाना एक कारगर उपाय है।“

दक्षिण कोरिया से लें सबक

उन्होंने कहा कि छह करोड़ की आबादी वाले देश दक्षिण कोरिया ने हर 1,000 लोगों पर करीब 6 लोगों की जांच की और वायरस के संक्रमण को रोकने में सफलता हासिल की है। राजस्थान के भीलवाड़ा में 9 दिनों के भीतर 24 लाख लोगों की स्क्रीनिंग करके ज्यादा से ज्यादा जांच की गईं और संक्रमित लोगों की पहचान की गई। उत्तर प्रदेश की जनसंख्या लगभग 23 करोड़ है जबकि जांच के लिए गए नमूनों की संख्या केवल 7000 के आसपास है। आबादी के हिसाब से प्रदेश में हो रही जांच की संख्या अभी बहुत कम है। जांच को तेज गति से बढ़ाना आवश्यक है।“

गलत धारणाओं को तत्काल रोकने की जरूरत

कांग्रेस महासचिव ने कहा, ’’ऐसी कई खबरें आ रही हैं कि संक्रमित व्यक्ति अपनी बीमारी छुपाने की भी कोशिश कर रहे हैं। यह कोरोना के बारे में फैले सामाजिक भय के चलते हो रहा है। ऐसे में युद्धस्तर पर सही सूचना दी जाए और अफ़वाहों व गलत धारणाओं के फैलने पर तत्काल रोक लगे।’’

उन्होंने पत्र में लिखा है कि सरकार ने मास्क पहनना अनिवार्य घोषित किया है। ऐसे में मास्क व सैनिटाइजर का युद्धस्तर पर वितरण सुनिश्चित किया जाए। जिससे कोरोना संक्रमण के चेन को तोड़ने में मदद मिलेगी।