पटना नगर निगम के मेयर ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया, कहा राशन कार्ड हेतु सर्वे, और गरीबों की भोजन आपूर्ति सुनिश्चित करना बड़ा कार्य

पटना, बिहार के सभी निकायों में नगर विकास एवं आवास विभाग के माध्यम से राशन कार्ड के निर्गमन हेतु सर्वेक्षण किया जाएगा। सर्वेक्षण के आधार पर कोरॉना महामारी के दौरान शहर में रह रहे सुयोग्य परिवारों को जन वितरण प्रणाली के माध्यम से राशन उपलब्ध नहीं हो पाने की स्थिति में माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा सभी सुयोग्य परिवारों को राशि उपलब्ध कराए जाने का निर्णय लिया गया है। सर्वेक्षण के आधार पर सुयोग्य परिवारों को जन वितरण प्रणाली के अन्तर्गत राशन उपलब्ध कराया जाएगा।
राज्य सरकार के इस फैसले से ना केवल शहरी अवासितों बल्कि अश्रयविहीनों को भी लाभांवित किया जाएगा। Corona संक्रमण से फैली महामारी के आलोक में लगाए गए लॉकडाउन की अवधि में राज्य सरकार के इस कदम से गरीबों को राहत मिलेगी।
पटना नगर निगम अन्तर्गत सभी 75 वार्डों में नगर आवास एवं विकास विभाग, बिहार सरकार द्वारा लाभुकों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने हेतु सर्वे शुरू किया जा रहा है।

बिहार सरकार के इस निर्णय से विपरीत परिस्थिति में गरीब परिवारों, दिहाड़ी मजदूरों एवं उनके आश्रितों के समक्ष उत्पन भोजन का संकट खत्म होगा। इस निर्णय के लिए बिहार के माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पटना शहर की प्रथम नागरिक माननीय महापौर सीता साहू द्वारा आभार व्यक्त किया गया है। साथ ही यह भरोसा दिया गया है कि पटना नगर निगम की टीम द्वारा corona संक्रमण के प्रसार को रोकने में हर संभव कार्य किए जाते रहेंगे।