बिहार में अगले पांच दिनों बाद बढ़ जाएगी ठंड………

राजधानी समेत पूरे प्रदेश में मौसम का बदलाव जारी है। तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, प्रदेश में पुरवा हवा के कारण अगले पांच दिनों तक मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा। पांच दिनों बाद पारे में गिरावट होने से ठंड में वृद्धि की संभावना है।

राजधानी समेत प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री व औसत न्यूनतम तापमान 18-20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। प्रदेश के गया जिला का सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री वृद्धि के साथ 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के आठ जिलों मुजफ्फरपुर, सिवान, रोहतास, औरंगाबाद, गया, समस्तीपुर, सहरसा, फारबिसगंज के न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की गई। वहीं, शेष जिलों के न्यूनतम तापमान में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विज्ञानी ने पूर्वानुमान के आधार पर बताया कि इस महीने प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से एक या दो डिग्री कम रहेगा जबकि औसत अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है।

इस बार जादा दिनो तक रहेगा सर्दी का मौसम….

मौसम विभाग की मानें तो इस बार प्रदेश के लोगों को ठंड का सितम ज्यादा दिनों तक सहना पड़ेगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार मानसून की देर से वापसी होने के कारण ठंड की वापसी भी देर से होगी।

सुबह और शाम के तापमान में अंतर दिखने लगी है…..

मानसून की पूरी तरह वापसी के बाद प्रदेश के मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह और शाम के तापमान में अंतर देखने को मिल रहा है। दोनों वक्त लोगों को ठंड महसूस हो रही है।