पायल घोष के साथ यौन शोषण में अनुराग कश्यप की बढ़ी मुश्किलें, मुंबई पुलिस ने फिल्म निर्देशक को भेजा समन

बॉलीवुड अभिनेत्री पायल घोष यौन शोषण मामले में फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुंबई पुलिस ने यौन शोषण मामले में गुरुवार को सुबह 11 बजे वर्सोवा पुलिस स्टेशन में उपस्थित होने के लिए कहा है।गौरतलब है कि अभिनेत्री पायल घोष ने अनुराग कश्यप पर यौन शोषण के आरोप में केस दर्ज कराया है। पायल लगातार उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रही हैं, अब मुंबई पुलिस ने पूछताछ के लिए अनुराग कश्यप को समन भेजा है।

राज्यपाल और पीएम से न्याय की गुहार

बॉलीवुड अभिनेत्री ने 19 सितंबर को ट्वीट कर अनुराग कश्यप पर यौन शोषण का आरोप लगाया। उन्होंने पीएम मोदी से न्याय की गुहार लगाई थी। इसके साथ ही महाराष्ट्र के राज्यपाल से भी मुलाकात कर सुरक्षा की मांग की थी. पायल घोष ने कहा था कि ‘पहले मैं अपने मैनेजर के साथ उनसे (अनुराग कश्यप) मिली। फिर उसके बाद मैं उनके घर जाकर मिली। उन्होंने मुझसे बहुत अच्छे से मुलाकात की थी। उनका व्यवहार देखकर मुझे बहुत अच्छा लगा था लेकिन जब दूसरे दिन उन्होंने अपने घर बुलाया तो कुछ चीजें ठीक नहीं हुईं मेरे साथ। इसी बारे में मैने बात की।’

अनुराग कश्यप ने पायल को आरोपों को किया था खारिज

पायल के आरोपों को अनुराग कश्यप ने खारिज कर दिया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा था, ‘क्या बात है, इतना समय ले लिया मुझे चुप करवाने की कोशिश में। चलो कोई नहीं। मुझे चुप कराते-कराते इतना झूठ बोल गए कि औरत होते हुए दूसरी औरतों को भी संग घसीट लिया। थोड़ी तो मर्यादा रखिए मैडम। बस यही कहूंगा कि जो भी आरोप हैं आपके सब बेबुनियाद हैं।’