पटना साहिब महोत्सव 2022 का आयोजन होगा, 14-15 अप्रैल को

पटना साहिब महोत्सव 2022 का आयोजन इस वर्ष दिनांक 14 एवं 15 अप्रैल 2022 को होगा।इस अवसर पर सभी आवश्यक तैयारियों को विगत वर्ष की भांति ससमय पूरा करने हेतु एक समीक्षात्मक बैठक का आयोजन सभी वरीय पदाधिकारीगण की उपस्थिति में आज दिनांक 5 अप्रैल 2022 को जिलाधिकारी पटना की अध्यक्षता में पटना समाहरणालय सभागार में किया गया।

पटना साहिब महोत्सव के दौरान आवश्यक तैयारियां ससमय सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी द्वारा कुल 16 कोषांगो के गठन के संबंध में आदेश निर्गत कर दिया गया है, जिसमें आयोजन समिति कोषांग, कलाकार चयन समिति कोषांग, मंच व्यवस्था,वाहन,साफ-सफाई, विद्युत, बैरिकेडिंग, चिकित्सा, शौचालय कोषांग आदि प्रमुख हैं।

जिलाधिकारी द्वारा सभी कोषांगो के पदाधिकारी को अपने अपने दायित्वों का निर्वहन कर ससमय एवं गुणवत्ता पूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं कार्यालयों से आवश्यक समन्वय बनाकर कार्य पूर्ण कराने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने उम्मीद जताई कि पूर्व की भांति इस बार भी पटना जिला प्रशासन पूरे जोश के साथ इस आयोजन को सफल बनाएगा।

जिलाधिकारी ने शौचालय निर्माण,साफ सफाई, बैरिकेडिंग, पार्किंग एवं मंच व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया। समुचित भीड़ प्रबंधन एवं विधि व्यवस्था संधारण हेतु विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त, पटना,सभी अपर जिला दंडाधिकारी,पटना,सिविल सर्जन पटना,अनुमंडल पदाधिकारी,पटना सिटी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पटना सिटी,भूमि सुधार उप समाहर्ता पटना सिटी,नजारत उप समाहर्ता,पटना सहित अन्य वरीय पदाधिकारी गण मौजूद रहे।