गोरखपुर से चुनाव लड़ेंगे मुख्यमंत्री योगी, बीजेपी ने जारी किया यूपी में पहले उम्मीदवारों की सूची।

उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव के लिए सभी पार्टियों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। बीते दिन कांग्रेस ने सबसे पहले यूपी में होनेवाले विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों का नाम जारी किया था। जिसके बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी है।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हम यूपी के विधान सभा चुनाव के पहले और दूसरे चरण के लिए बीजेपी के उम्मीदवारों की सूची जारी कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि योजनाओं का फायदा सबसे ज्यादा यूपी के गरीबों को मिला है। सबसे ज्यादा मकान बनें हैं तो यूपी के गरीबों के बने हैं।

उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज जिले की सिराथु सीट से उम्मीदवार होंगे।

उन्होंने आगे कहा कि यूपी की जनता में नई आशा और नया भरोसा है। सीएम योगी की सरकार ने गुंडों, भ्रष्टाचारीयों और दंगाइयों पर लगाम लगा दिया है। सीएम योगी की सरकार ने दंगारहित माहौल यूपी के जनता को दिया है।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि यूपी में विकास तेजी से हुआ है। सबसे बड़ा एयरपोर्ट यूपी में बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था वो आज प्रगति के रास्ते पर तेजी से बढ़ रहा है। हमें विश्वास है कि 2022 के लोकतंत्र के पर्व में यूपी की जनता हमारे गठबंधन को फिर से आशीर्वाद देगी।