Patna: चित्रगुप्त नगर के एक अपार्टमेंट की बालकनी में लटकता मिला एक महिला का शव, दुष्कर्म के बाद हत्या का शक।।

रेलवे इंजीनियर की बालकनी में मंगलवार की सुबह चार बजे दाई (36 वर्ष) की लाश फंदे पर लटकती मिली। वह अपने पिता के साथ बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोनी में रहती थी। घटना पत्रकारनगर थानांतर्गत दक्षिणी चित्रगुप्तनगर गीता प्रसाद गली स्थित सत्येंद्र कुमार सिन्हा के घर में हुई। इसी जगह तीसरे तल्ले पर रेलवे में दानापुर में पदस्थापित जूनियर इंजीनियर हरे कृष्ण मुरारी रहते हैं। उनकी पत्नी पीएमसीएच में नर्स हैं। मंगलवार की सुबह चार बजे पड़ोसियों ने पुलिस को लाश के बालकनी की ग्रिल से बाहर की ओर लटके होने की खबर दी। इंजीनियर के यहां बीते पांच मई से वह काम कर रही थी।

इधर, महिला की मौत के बाद परिजन दुष्कर्म व हत्या का आरोप लगाते हुये दक्षिणी चित्रगुप्तनगर को जाम कर हंगामा करने लगे। गुस्साये लोगों ने आगजनी भी की। साथ ही मकान मालिक पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाते हुये जमकर बवाल काटा। किसी तरह पुलिस ने लोगों को शांत किया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिये पीएमसीएच भेजा गया। वहीं दाई की लाश मिलने के कुछ देर बाद सुबह सात बजे इंजीनियर परिवार सहित फरार हो गये।

शरीर पर मिले चोट के निशान
मृतका के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। उसके परिजनों का कहना है कि गले और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट के निशान हैं। जिससे यह प्रतीत होता है कि उसके साथ मारपीट भी की गयी।

इधर, मकान मालिक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि देर रात एकाएक पुलिस आयी और उनके गेट को खटखटाया। इसके बाद पुलिस तीसरे तल्ले पर गयी, फिर इंजीनियर के फ्लैट को खुलवाया। जब बालकनी में गये तो दाई की लाश पर नजर पड़ी।

बस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का है इंतजार।
सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला से दुष्कर्म होने की पुष्टि हुई है। उसके एक परिजन ने बताया कि उन्हें यह जानकारी मिली है कि महिला के साथ घटना की रात कुछ गलत हुआ था। हालांकि पुलिस फिलहाल इस विषय पर कुछ भी स्पष्ट नहीं कह रही है। पत्रकारनगर थानेदार मनोरंजन भारती ने बताया कि दो से तीन दिनों बाद उन्हें पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलेगी। इसके बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है।

पटना के एसएसपी डॉ. मानवजीत सिंह ढिल्लो ने कहा, ‘पुलिस इस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से काफी कुछ स्पष्ट होगा। परिजनों के बयान पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपित इंजीनियर फरार है। पुलिस अनुसंधान पूरा कर जल्द ही कार्रवाई करेगी।’

बालकनी के बगल वाले कमरे में सोते मिले इंजीनियर।
जिस बालकनी से महिला की लाश दुपट्टे के सहारे लटकती हुई मिली, उसी के बगल में इंजीनियर हरे कृष्ण सोये थे। वहीं दूसरे कमरे में महिला जमीन पर जबकि इंजीनियर की पत्नी और बच्चे बिस्तर पर सोये थे। शुरुआती दौर में पुलिस के सामने उन्होंने कहा कि उन्हें पता नहीं चला कि ये सब कब हुआ? घर में सिर्फ पांच लोग थे। इंजीनियर, उनकी नर्स पत्नी, दो बच्चे और दाई। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर घर में ऐसा क्या हुआ था? इस सवाल का जवाब देने के लिये अब इंजीनियर भी पुलिस के सामने नहीं हैं। उनका मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा है।

परेशान थी महिला, पिता से कहा था काम छोड़ दूंगी
महिला पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रही थी। बीते पांच मई को ही उसने इंजीनियर के यहां बच्चों को संभालने का काम पकड़ा था। उसकी ड्यूटी पूरे दिन और रात इसी घर में रहने की थी। बीते रविवार को वह अपने पिता के घर गयी थी। उसने वहां खाना खाया और अपने पिता से कहा कि वह काम छोड़ देगी। उसे वहां मन नहीं लग रहा। सैलरी मिलने के बाद वह काम पर नहीं जायेगी। लेकिन घरवालों ने उससे उसकी परेशानी का कारण नहीं पूछा। महिला के पहले पति इस दुनिया में नहीं हैं। दूसरे से अलगाव हो चुका था। उसे चार बेटियां हैं। सभी की शादी हो चुकी है। वह दाई का काम कर जीवन-यापन करती थी।

लाश को आत्महत्या की शक्ल देने की कोशिश की गयी
बेटी का शव देखते ही महिला के पिता बिलख कर रोने लगे। वह एक अपार्टमेंट में गार्ड का काम करते हैं। उनका आरोप है कि उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म कर उसकी लाश को आत्महत्या की शक्ल देने की कोशिश की गयी है। उन्होंने मकान मालिक और इंजीनियर पर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस घटना की छानबीन करने के दौरान पुलिस महिला के मोबाइल और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच करेगी। महिला के मोबाइल को पुलिस ने जब्त कर लिया है।


मकान मालिक और इंजीनियर पर केस दर्ज
इस बाबत महिला के परिजनों ने पत्रकारनगर थाने में मकान मालिक जितेंद्र सिन्हा और जूनियर इंजीनियर हरे कृष्ण पर हत्या और दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज करायी है।