बक्सर पुलिस के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, झारखंड के तीन नक्सलवादियों को किया गिरफ्तार।

नक्सलियों को मदद पहुंचाने वाले आपराधिक प्रवृत्ति के तीन युवकों को बक्सर पुलिस ने सोमवार की रात को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अपराधियों के पास से 12 लाख रुपये व 14 से अधिक फोन बरामद हुए हैं। बक्सर एसपी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि इनके खिलाफ झारखंड की पुलिस ने लूक ऑउट नोटिस जारी कर रखा है।

इनके नाम निवेश कुमार पुत्र सुभाष पोद्दार आदर्श नगर, थाना धुर्वा, जिला रांची, शुभम कुमार पोद्दार, पुत्र अशोक पोद्दार, कुमहार टोली, थाना खूंटी, जिला खूंटी, ध्रुव कुमार पिता बलराम सिंह, ग्राम सोनपुर, थाना जगरनाथपुर, जिला रांची के रहने वाले हैं। बतौर एसपी पुलिस बिहार-यूपी को जोड़ने वाले वीर कुंवर सिंह सेतु के समीप चेकिंग अभियान चला रही थी। तभी एक कार वहां से तेज गति से गुजरी।

औद्योगिक थाने की सीमा पुलिस द्वारा उसे रोका गया। तलाशी के दौरान उन युवकों ने पुलिस को चकमा देने का प्रयास किया। उनके पास से 12 लाख रुपये मिले हैं। इस बारे में पूछताछ होने पर उन्होंने स्वयं को झारखंड का निवासी बताया। पूछताछ में वहां की पुलिस ने बताया इनके खिलाफ प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई को मदद करने की शिकायत इसी माह की छह तारीख को दर्ज हुआ है। फिलहाल पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। बंगाल नंबर की कार भी जब्त की गई है। जिसमें वे सफर कर रहे थे। मुख्यालय को भी इसकी सूचना दे दी गई है।