पीएम मोदी ने फोन कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू बताया,नीतीश ने कहा ‘हृदय से धन्यवाद’

एनडीए की तरफ से राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के नाम पर बिहार में जदयू ने भी समर्थन किया है। इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से फोन पर बात की थी। इस पर नीतीश ने पीएम का आभार व्यक्त किया है।

जुलाई में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो गई है। विपक्ष की तरफ से ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस के यशवंत सिन्हा उम्मीदवार बनाए गए हैं। यशवंत एनडीए सरकार में पूर्व केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। वहीं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को कैंडिडेट बनाया है। एनडीए की तरफ से द्रौपदी के नाम पर बिहार में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने भी समर्थन दिया है। इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से फोन पर बात की और प्रत्याशी का नाम सीएम को बताया। 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा बेहतर उम्मीदवार है द्रोपदी मुर्मू जी:-

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि द्रौपदी मुर्मू एक आदिवासी महिला हैं। एक आदिवासी महिला को देश के सर्वोच्च पद के लिए उम्मीदवार बनाया जाना बहुत खुशी की बात है। द्रौपदी मुर्मू मूलतः ओडिशा की रहने वाली हैं। ओडिशा सरकार में मंत्री के रूप में उन्होंने अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन किया था। इसके बाद झारखंड की राज्यपाल के रूप में भी उनकी भूमिका सराहनीय रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बात कर इसकी जानकारी दी थी कि द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री को भी इसके लिये हृदय से धन्यवाद।