नोबेल शांति पुरस्कार 2021 के लिए नॉमिनेट हुए डोनाल्ड ट्रंप, UAE-इजरायल में कराया था शांति समझौता

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 2021 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया गया है. इजरायल और यूएई के बीच ऐतिहासिक शांति वार्ता करवाने के लिए डोनाल्ड ट्रंप को नॉमिनेट किया गया है.  नॉर्वे संसद के क्रिश्चियन ताइब्रिंग की ओर से ट्रंप को इस अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया है. क्रिश्चियन ताइब्रिंग की ओर से कहा गया कि डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया में शांति स्थापित करने की काफी कोशिशें कीं. क्रिश्चियन ताइब्रिंग नॉर्वे की संसद के चार सदस्य हैं और नाटो संसदीय विधानसभा में नॉर्वे के प्रतिनिधिमंडल की अध्यक्षता करते हैं.

ट्रंप के नॉमिनेशन से राष्ट्रपति के चुनावों में फायदा

गौरतलब है कि इजराइल और संयुक्त अरब अमीरात ने 13 अगस्त को घोषणा की थी कि वे अमेरिका की मध्यस्थता से हुए समझौते के तहत पूर्ण कूटनीतिक संबंधों को स्थापित कर रहे हैं. पिछले महीने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, अबुधाबी के क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायद और डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर चर्चा हुई जिसके बाद इस समझौते की मंजूरी दी गई. गौरतलब है कि इसी साल अमेरिका में राष्ट्रपति पद के चुनाव होने हैं, ऐसे में इस नॉमिनेशन से उन्हें चुनावों में फायदा हो सकता है.

नोबेल शांति पुरस्कार के लिए 318 लोगों का नामांकन

नोबेल शांति पुरस्कार के लिए किसी को नामित करने के लिए योग्य व्यक्ति लोकप्रिय हस्ती, राष्ट्रीय नेता, प्रोफेसर और पुरस्कार के पूर्व विजेता होते हैं। हर साल फरवरी और मार्च में इस पुरस्कार के लिए नामांकनों का चयन किया जाता है। साल 2021 के नोबेल शांति पुरस्कार का एलान अगले साल अक्तूबर में किया जाएगा। बता दें कि इस साल यानी 2020 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए 318 लोगों का नामांकन हुआ था। इनमें से 211 लोग और 107 संगठन शामिल थे।