एशियन गेम्स में तीरंदाजी में मिला आज का पहला पदक, महिला रिकर्व टीम ने कांस्य जीता, हॉकी में स्वर्ण की आस,भारत के अब तक 87 मेडल

चीन के होंगझोउ में चल रहे एशियन गेम्स के 13वें दिन आर्चरी के रिकर्व में अंकिता भकत, भजन कौर और सिमरनजीतकौर की तिकड़ी ने ब्रॉन्ज मेडल जीता है।भारत को आज का पहला पदक तीरंदाजी में मिला है। भारतीय महिला रिकर्व तीरंदाजी टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया है। अंकिता, सिमरनजीत और भजन की जोड़ी ने वियतनाम को हराकर कांस्य पदक जीता।ब्रॉन्ज मेडल के लिए हुए मुकाबले में भारत ने वियतनाम को 6-2 से हराया। इसके साथ ही भारत के अब 87 मेडल हो गए हैं। इनमें 21 गोल्ड शामिल है।

एशियाई खेलों में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

यह एशियाई खेलों में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारत को पहले दिन पांच, दूसरे दिन छह, तीसरे दिन तीन, चौथे दिन आठ, पांचवें दिन तीन, छठे दिन आठ, सातवें दिन पांच, आठवें दिन 15, नौवें दिन सात, दसवें दिन नौ, 11वें दिन 12 और 12वें दिन पांच पदक मिले थे। आज भारत के पदकों की संख्या 100 के करीब पहुंच सकती है

फ्रीस्टाइल कुश्ती में पुरुषों के 65 किलोग्राम भारवर्ग के सेमीफाइनल में बजरंग पूनिया को हार का सामना करना पड़ा है। इरान के अमोजदखलीली ने उन्हें मात दी। बजरंग के अलावा, अमन, सोनम और किरण को भी सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा है।