BIG BREAKING : उन्नाव रेप केस में कुलदीप सिंह सेंगर समेत 7 दोषियों को 10 साल की सजा

इस वक्त की बड़ी खबर उन्नाव रेप केस से जुड़ी हुई है। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने उन्नाव रेप केस मामले में फैसला सुना दिया है। कोर्ट ने पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर समेत सातों दोषियों को आपराधिक मामले में 10 साल की सजा सुनाई है। इसके साथ हीं सभी दोषियों पर 10-10 लाख रूपये का जुर्माना भी मुकर्रर किया गया है।

इन्हें मिली सजा

मामले में तीस हजारी कोर्ट ने 11 आरोपियों में से 4 को बरी कर दिया था, जबकि 7 लोग दोषी करार दिए गए थे। कुलदीप सिंह सेंगर, सब इंस्पेक्टर कामता प्रसाद, एसएचओ अशोक सिंह भदौरिया, विनीत मिश्रा उर्फ विनय मिश्रा, बीरेंद्र सिंह उर्फ बउवा सिंह, शशि प्रताप सिंह उर्फ सुमन सिंह, जयदीप सिंह उर्फ अतुल सिंह को दोषी करार दिया गया था।

आइये जानते हैं पूरा मामला

पीड़िता के पिता अपने एक साथी के साथ गांव लौट रहे थे, और उसी दौरान शशि प्रताप सिंह नामक एक व्यक्ति ने उनसे लिफ्ट मांगा, लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद सिंह ने अपने साथियों को बुलाया, जिनमें सेंगर का भाई अतुल भी था। इन लोगों ने पीड़िता के पिता को बुरी तरह पीटा। इसके बाद गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्हें अस्पताल ले जाने के बजाय पुलिस स्टेशन ले जाया गया और दो दिन बाद पुलिस हिरासत में उनकी मौत हो गई।