महिला के हत्या में पति भुगत रहा था सजा, महिला के जिंदा मिलने से मचा हड़कंप….।

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में एक चौंका देने वाली खबर सामने आई है। लगभग डेढ़ महीने पहले जिस महिला की मौत हो गई थी, जिसकी हत्‍या के आरोप में उसका पत‍ि जेल में बंद सजा काट रहा है। वह महिला अब जिंदा मिली हैं। हत्‍या के मामले में नया मोड़ आने से आमलोगों के साथ ही पुलिस के भी आश्चर्य का ठिकाना नही है। घटना की सच्‍चाई सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिरकार पुलिस ने हत्‍या जैसे संगीन आरोप में प्राथमिक छानबीन किए बगैर कैसे मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी? महिला के जिंदा पाए जाने पर फिलहाल पुलिस अभी चूपी साधे हुए है।

जानकारी के अनुसार, महिला की हत्या के आरोप में उसके पिता ने सुगौली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसपर पुलिस ने महिला के पति शेख सद्दाम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। करीब डेढ महीने से सजा भुगत रहे सद्दाम के परिजनों ने मृत घोषित महिला को जिन्दा खोज निकाला।जिसके अस्तित्व में आने से प्रशासन के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई।

क्या है पूरा मामला….???

महिला को मोतिहारी नगर के अगरवा मोहल्ला से बरामद किया गया है। वह अपने प्रेमी के साथ रह रही थीं। घटना सुगौली थाना के निमुई गांव की है। पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के निवासी महिला के पिता सफी अहमद ने अपने दामाद शेख सद्दाम पर दहेज के लिए बेटी नाजनीन खातून की हत्या करने और शव को गायब करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में सफी अहमद ने आरोप लगाया था कि दहेज में 5 लाख रुपये की मांग की गई थी और रुपये नहीं देने के कारण ससुराल में हमेशा नाजनीन के साथ मार पीट की जाती थी। पिटाई के दौरान हत्या करने की धमकी भी दी जाती थी। सुगौली थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आनन-फानन में मृतका के पति शेख सद्दाम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। सद्दाम गत 4 जून से मोतिहारी सेंट्रल जेल में विचाराधीन कैदी की तरह रह रहा है।

सद्दाम के परिजनों ने मृत घोषित नाजनीन खातून को मोतिहारी नगर के अगरवा मोहल्ला से खोज निकाला। वह अपने प्रेमी फैयाज के साथ घर से फरार हो गई थी। फैयाज प्रेमिका नाजनीन को मोतिहारी के अगरवा मुहल्ला में एक किराये के मकान में रखता था, जहां वह कभी-कभी आया भी करता था। नाजनीन अपने पुत्र के साथ रह रही थी। बीती रात बेटे की तबीयत बिगड़ने के बाद डॉक्टर से दिखाने के क्रम में मामले का खुलासा हुआ। ससुराल पक्ष के लोगों ने अगरवा मुहल्ला से नाजनीन को बरामद किया। मृत घोषित नाजनीन को बरामद कर ससुरालवालों ने सुगौली थाना पुलिस को सूचित किया, जहां से पुलिस ने मृत घोषित महिला को बरामद कर न्यायलय में पेश किया।