Patna: अंबेडकर हॉस्टल के छात्रों पर लगा लड़की पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप, चली गोलियां, पुलिस ने सभी को किया गिरफ्तार….

बिहार की राजधानी के अंबेडकर हॉस्टल और स्थानीय लोगों के बीच हुई हिंसा में एक नया मोड़ सामने आया है इस पूरे मामले में एक लड़की से छेड़खानी का मुद्दा सामने आया है। सुल्तानगंज थाना इलाके के बक्सरिया टोला, महेंद्रू स्थित अंबेडकर हॉस्टल के छात्रों द्वारा किशोरी पर छींटाकशी के बाद छात्र और स्थानीय लोगों के बीच भिड़ंत हो गयी। दोनों ओर से जमकर रोड़ेबाजी हुई। आधे घंटे तक पूरा इलाका रणक्षेत्र बना रहा।

लड़की पर कमेंट के कारण बढ़ा विवाद….

दरअसल अंबेडकर हॉस्टल के छात्रों पर आरोप है कि उन्होंने ने किशोरी के भाई और अन्य परिवार वालों की जमकर पिटाई की। इसके बादे किशोरी के पिता ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग शुरू कर दी। एक छात्र की गर्दन में गोली लगी है। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है।

सभी को पुलिस ने किया गिरफ्तार….

वहीं मारपीट और फायरिंग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत एक्शन में नजर आई। समय रहते ही पुलिस ने फायरिंग करने वाले किशोरी के पिता और हॉस्टल के दो छात्रों सन्नी कुमार (बिहारशरीफ, नालंदा) और विकास कुमार (अतरी, गया) को हिरासत में ले लिया। किशोरी के पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर भी पुलिस ने जब्त कर ली है।

किशोरी के परिवारवालों ने हॉस्टल के छात्रों पर लगाया आरोप….

किशोरी के परिवारवालों का आरोप है कि किशोरी सामान लाने दुकान पर गयी थी। तभी दुकान से कुछ ही दूरी पर खड़े हॉस्टल के आधा दर्जन लड़कों ने उस पर फब्तियां कसनी शुरू कर दी। जिसके बाद इसकी शिकायत लड़की ने अपने घरवालों से की। इस पर उसके पांच भाई व अन्य लोगों ने हॉस्टल के छात्रों का विरोध किया। आरोप है कि पहले बकझक हुई फिर एकाएक काफी संख्या में हॉस्टल के छात्र वहां जमा हो गये। उन्होंने किशोरी के भाइयों की पिटाई कर दी। उसके एक भाई को खींचकर हॉस्टल के अंदर ले गए।
यह देख किशोरी के पिता ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग शुरू कर दी। उसका कहना है कि अगर वह फायरिंग नहीं करता तो हॉस्टल के लड़के उसके बेटे के साथ कुछ अनहोनी भी कर सकते थे। इधर, गोलीबारी के बाद हॉस्टल के छात्र भी उग्र हो गये। यह बात भी सामने आयी कि फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक छात्र घायल हो गया। इसके बाद सुल्तानगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह बवाल को शांत करवाया। दोनों पक्षों में हुई झड़प में छात्र सन्नी कुमार, विशाल कुमार और विकास कुमार सहित अन्य जख्मी हुए हैं। वहीं किशोरी के परिवार के आधा दर्जन सदस्य भी घायल हैं।

किशोरी के पिता अनिल कुमार का आरोप है कि इस झड़प में उनके बेटे का मोबाइल, एक हजार रुपये और गले की चेन भी छीना गया है। मामले में अनिल कुमार ने सुलतानगंज थाना में एफआईआर संख्या 338/22 दर्ज कराया है।

हॉस्टल के छात्रों ने रखा अपना पक्ष……

इस घटना को लेकर अंबेडकर हॉस्टल के छात्रों ने भी पुलिस के सामने अपना पक्ष रखा है। छात्र सन्नी कुमार के बयान पर किशोरी के पिता व अन्य परिजनों के खिलाफ सुल्तानगंज थाने में केस दर्ज करवाया है। वहीं किशोरी के परिजनों ने हॉस्टल के छात्रों पर केस दर्ज कराया है।

क्या कहती है पुलिस….

थानेदार के मुताबिक पुलिस को एक छात्र के गोली लगने की खबर सोमवार की सुबह पांच बजे मिली है। अब तक छात्र पुलिस के सामने नहीं आया है। पुलिस गोली से घायल हुए छात्र का पता लगा रही है। वहीं इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में हॉस्टल के छात्रों को लेकर आक्रोश व्याप्त है। दूसरी ओर हॉस्टल के लड़कों का कहना है कि उन्होंने ऐसा कुछ भी नहीं किया था। जान-बूझकर उनके साथ मारपीट की गयी।

घटना के विरोध में आज छात्रों का होगा आंदोलन

अंबेडकर हॉस्टल के छात्र नेता अमर आजाद ने कहा कि थाना के समीप होने के बाद भी हॉस्टल में रहने वाले छात्र सुरक्षित नहीं हैं। छात्र नेता ने दाव किया कि छात्रों पर झूठा मुकदमा किया गया है। मंगलवार को राज्य के सभी जिले में इसके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।